'अगर कोई लड़की हिजाब पहनती है, तो ये...', हिजाब विवाद में कूदीं मिस यूनिवर्स हरनाज, दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली, 30 मार्च: मिस यूनिवर्स हरनाज कौर संधू ने हिजाब विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक कार्यक्रम में बोलते हुए हरनाज ने कहा कि, अगर कोई लड़की हिजाब पहने हुए है, तो यह उसकी पसंद है। अगर कोई उस पर हावी हो रहा है तो उसे आगे आकर बोलना चाहिए। उसे वैसे ही जीने दें जैसा वह जीना चाहती है। हम विभिन्न संस्कृतियों की महिलाएं हैं और हमें एक-दूसरे का सम्मान करने की जरूरत है।

हरनाज बोलीं- लड़कियों के पंख मत काटो
दरअसल हरनाज एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं, जिसमें एक पत्रकार ने उनसे हिजाब को लेकर सवाल पूछा। पत्रकार के सवाल पूछने पर कार्यक्रम के होस्ट ने रिपोर्टर को राजनीतिक सवाल पूछने से मना किया लेकिन हरनाज ने उनके सवाल का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि, 'आप हमेशा लड़कियों को क्यों निशाना बनाते हो? अब भी आप मुझे निशाना बना रहे हो। जैसे, हिजाब के मुद्दे पर भी लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा है।

बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने साधा निशाना
हरनाज ने आगे कहा कि, उन्हें (लड़कियों को) जिस तरह से जीना है, जीने दो, उसे उसकी मंजिल तक पहुंचने दो, उसके पर मत काटो, अगर आपको पर काटने हैं तो खुद के काटने चाहिए। हरनाज द्वारा हिजाब पर बयान दिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। यूजर ने ट्विटर पर लिखा, 'अगर मुस्लिम लड़कियां संविधान का उल्लंघन किए बिना अपने धार्मिक दायरे में रहकर पढ़ना चाहती हैं, उड़ना चाहती हैं, तो ये .... क्यों आपत्ति हो रही।' कुछ लोगों ने हिजाब पहनी कर्नाटक की उन लड़कियों की तस्वीरें शेयर की हैं जिन्होंने मेडल जीते हैं।

हिजाब विवाद पर कर्नाटक हाईकोर्ट सुना चुका है फैसला
बता दें कि हाल ही में कर्नाटक में हिजाब को लेकर काफी विवाद देखने को मिला था। जिसके बाद ये मामला हाईकोर्ट में पहुंच गया था। हाईकोर्ट ने इस मामले में कई दिनों तक सुनवाई की थी। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि, कक्षाओं में हिजाब पहनने पर प्रतिबंध का समर्थन करते हुए कहा था कि हिजाब एक आवश्यक धार्मिक प्रथा नहीं है। बीते गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया।

21 साल बाद भारत की बेटी ने जीता मिस यूनिवर्स का खिताब
21 साल की हरनाज संधू का जन्म सिख परिवार में हुआ है। फिटनेस और योग लवर हरनाज ने अपने टीनेज के दिनों में ही ब्यूटी पेजेंट के हर मंच पर हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। 2017 में हरनाज ने मिस चंडीगढ़ का खिताब जीता था। हरनाज कौर संधू 'यारा दिया पू बरन' और 'बाई जी कुट्टंगे' जैसी पंजाबी फिल्मों में भी अपने अभिनय कर चुकी हैं। 2018 में हरनाज को मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया 2018 के ताज से नवाजा गया था। दो प्रतिष्ठित खिताब जीतने के बाद हरनाज ने मिस इंडिया 2019 में हिस्सा लिया, जहां वे टॉप 12 तक जगह बनाने में कामयाब हुईं थीं।












Click it and Unblock the Notifications