मुंबई में घर जाने के लिए मजदूरों का हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
नई दिल्ली: कोरोना का कहर देश में तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिसे रोकने के लिए 17 मई तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया। इस लॉकडाउन से मुंबई में लाखों की संख्या में मजूदर फंसे हुए हैं, जिनकी रोजी-रोटी भी छिन चुकी है। घर जाने की आस में बैठे मजदूरों का सब्र अब जवाब देने लगा है। जिस वजह से मुंबई में बुधवार को हजारों प्रवासी मजदूर इकट्ठा हो गए। इस दौरान उन्होंने जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, तब जाकर स्थिति काबू में आई।

जानकारी के मुताबिक दक्षिणी मुंबई के नागपाड़ा में रिप्पटन होटल के पास करीब एक हजार प्रवासी मजदूर इकट्ठा हो गए। इस दौरान मजदूर घर भेजने की व्यवस्था करने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन मजदूर नहीं माने और उनका हंगामा जारी रहा। जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हालात नियंत्रण में आने के बाद सभी मजदूरों की जांच की गई और उनके दस्तावेज चेक किए गए। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर इन मजदूरों के लिए ट्रेन की व्यवस्था की गई है, इसमें ज्यादातर मजदूर उत्तर प्रदेश के थे।
बता दें कि लॉकडाउन-3 के ऐलान के बाद ही केंद्र सरकार ने दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को घर भेजने के लिए श्रमिक ट्रेनों को चलाने का ऐलान किया था। मजदूरों के संख्या के हिसाब से ट्रेनों की संख्या कम है। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के लिए सिर्फ एक ट्रेन में 1200 मजदूरों को ही भेजा रहा है। ऐसे में अभी भी काफी मजदूर परेशान हैं। इससे पहले लॉकडाउन-2 के ऐलान के बाद बांद्रा स्टेशन पर बड़ी संख्या में मजूदर इकट्ठा हो गए थे। उस दौरान भी जमकर हंगामा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications