बीरभूम हिंसा पर गृह मंत्रालय ने ममता सरकार से मांगी रिपोर्ट, राष्ट्रपति से मिलेंगे अधीर रंजन चौधरी
नई दिल्ली, मार्च 22। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हुई हिंसा की घटना को लेकर अब गृह मंत्रालय ने ममता सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। गृह मंत्रालय की ओर से यह आदेश तब दिया गया है, जब पश्चिम बंगाल में बीजेपी के 9 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के लिए पहुंचा और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। आपको बता दें कि हिंसा की इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है।

हिंसा में मारे गए हैं 8 लोग
आपको बता दें कि बीरभूम जिले के रामपुरहाट में कथित रूप से टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या के बाद हिंसा भड़क उठी। कहा जा रहा है कि टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या के बदले में कुछ लोगों की भीड़ ने आम लोगों के घरों में आग लगा दी, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई।
राष्ट्रपति से मिलेंगे अधीर रंजन चौधरी
इस घटना को लेकर ममता सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। बीजेपी के अलावा कांग्रेस पार्टी ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि वो इस घटना को लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और राज्य में आर्टिकल 355 को लागू करने का सुझाव देंगे। अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत ज्यादा खराब है, आम जनता अब खुद को राज्य में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है।
ममता को इस्तीफा दे देना चाहिए- बीजेपी
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, बीरभूम जिले में हुई हिंसा की घटना को लेकर गृह मंत्रालय काफी सख्त है। 72 घंटे के अंदर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट सौंपने की बात कही गई है। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी जल्द ही बंगाल का दौरा करेंगे। वहीं बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने अमित शाह से मुलाकात करने के बाद कहा कि इस घटना के बाद तो ममता बनर्जी को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि ममता बनर्जी खुद राज्य का गृह विभाग संभालती हैं।












Click it and Unblock the Notifications