UP में बड़ा हादसा, हमीरपुर में सोते हुए मजदूरों पर गिरा निर्माणाधीन पुल, 6 लोगों की दर्दनाक मौत!
Hamirpur Bridge Collapse: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से इस वक्त की बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे बेतवा नदी पर बन रहे एक बड़े पुल का हिस्सा अचानक भरभराकर ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस भीषण हादसे में मलबे के नीचे दबने से अब तक 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो चुकी है, जिससे पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिस वक्त यह खौफनाक हादसा हुआ, उस समय सभी मजदूर काम खत्म करके पुल के इसी हिस्से के नीचे गहरी नींद में सो रहे थे, जिन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। अचानक आए तेज आंधी-तूफ़ान के बीच निर्माणाधीन पुल का यह भारी-भरकम ढांचा सीधे सोते हुए मजदूरों पर आ गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारियों सहित SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह निर्माणाधीन पुल कुरारा क्षेत्र में मोरकंदर परसानी से नैथी गांव के बीच राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के विशेष प्रयासों से बनाया जा रहा था। इस हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर पड़ोसी जिले बांदा और हमीरपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, अभी भी कम से कम तीन मजदूर पिलर के मलबे के नीचे दबे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं, जिसके चलते मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज आंधी-तूफान को बताया जा रहा है, लेकिन पुल निर्माण में इस्तेमाल हो रही घटिया सामग्री और मैटेरियल की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
क्या बोले हमीरपुर एएसपी अरविंद कुमार वर्मा?
हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि, '28 और 29 मई की मध्यरात्रि करीब 2 बजे सूचना मिली कि थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहे पुल का स्लैब गिर गया, जिसके नीचे कुछ लोग दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फिलहाल तीन लोग खंभे पर फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए SDRF और राहत टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक छह लोग मलबे में दबे थे, जिनमें से पांच की पहचान कर ली गई है। स्लैब हटाने का काम जारी है।'
हादसे में जान गंवाने वाले लोग
- लोकेंद्र निषाद (22), निवासी चिल्ला, बांदा
- कुलदीप निषाद (19), निवासी चिल्ला, बांदा
- सावंत यादव (28), निवासी भूरागढ़, बांदा
- सभाजीत (30), निवासी भूरागढ़, बांदा
- पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34), निवासी स्वासा खुर्द, हमीरपुर
- राजेश पाल (42), निवासी अचपुरा, हमीरपुर
सीएम योगी ने जताया दुख
सीएम योगी ने ट्वीट कर इस घटना पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने लिखा, 'जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन को SDRF के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित करने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'













Click it and Unblock the Notifications