Mental Health: आपके हाथ में है दिमाग का ख्याल रखना, क्या है डिप्रेशन और मेंटल हेल्थ का सीधा कनेक्शन?
Mental Health: अकसर लोग मेंटल हेल्थ को लेकर इतने जागरूक नहीं होते। लेकिन शरीर के अन्य अंगों के साथ दिमाग के बारे में सोचना बेहद अहम है। अगर दिमाग स्वस्थ होगा तो शरीर भी स्वस्थ रहेगा।

Mental health and depression: आज के समय में हर इंसान किसी ना किसी बात को लेकर परेशान रहता ही है। लेकिन इस बात का लंबे वक्त तक दिमाग पर कितना गहरा असर होता है, इस बात पर लोग ध्यान नहीं देते।
कई बार खबरें आती हैं कि डिप्रेशन से जूझते हुए शख्स ने अपनी जान दे दी। आत्महत्या के कई केस रोजमर्रा की जिंदगी में सामने आते हैं, और इसके पीछे का सबसे अहम कारण मानसिक स्वास्थ्य में गड़बड़ी है।
दिमाग से ही पूरे शरीर का संचालन होता है। अगर दिमाग स्वस्थ है तो समझिये शरीर स्वस्थ है। आपके फैसले लेने की क्षमता पर इसका सीधा-सीधा असर होता है। ऐसे में ये समझना बहुत ही ज्यादा जरूरी है कि आखिर मेंटल हेल्थ का ख्याल रखा कैसे जाए। लेकिन इससे भी पहले ये समझना होगा कि मानसिक स्वास्थ्य के बिगड़ने के क्या क्या और कैसे परिणाम सामने आ सकते हैं।
अवसाद या डिप्रेशन एक ऐसा शब्द है, जो आजकल के समय में आम सा लगने लगा है। लेकिन इसे आम बनाया किसने? मेंटल हेल्थ के प्रति जागरूकता न रखने वाले हम और आप जैसे लोगों ने। जी हां! छोटा सा ये शब्द आपकी जिंदगी को नर्क बना सकता है। ऐसे में इससे निपटने और अपने दिमाग को स्वस्थ रखने के बारे में जागरूक होना बेहद अहम है।
चलिये सबसे पहले बात करते हैं डिप्रेशन की, जो अच्छे मानसिक स्वास्थ्य में सबसे बड़ी रुकावट है। ये समस्या तब पैदा होती है जब आपकी रोजमर्रा की जिंदगी में मूड ऑफ, घबराहट और उदासी जैसे लक्षण रोजाना आने लगें। लगातार इन लक्षणों के आने की प्रक्रिया ही इंसान को डिप्रेशन की ओर ले जाती है। रातों की नींद उड़ जाना इस लक्षण की पहली सीढ़ी है। ऐसे में ये समझना बहुत जरूरी है कि इसका इलाज पूरी तरह से मुमकिन है।
डिप्रेशन से बचने के लिए अपने तनाव को कंट्रोल करना बेहद जरूरी है। दोस्तों और परिवार के संपर्क में रहें। अगर आपको लगे कि ये कंट्रोल में नहीं आ रहा, तो ही डॉक्टर के पास जाएं। अपनी परेशानियों को मन में ना रखें। इसके बारे में किसी दोस्त या करीबी से जरूर बात करें।
अब बात करते हैं ओवरऑल मेंटल हेल्थ की। अपनी मेंटल हेल्थ का ख्याल रखना आप के अपने हाथ में है। मेंटल हेल्थ को अच्छा बनाए रखना है तो पॉजिटिव रहें। इसके लिए हमेशा ऐसे लोगों को सुनें, जो अच्छी बातें करते हों। इसके अलावा फिजिकल फिटनेस पर भी खास ध्यान दें। अच्छी तरह नींद लेना और रेगुलर एक्सरसाइज करने से दिमाग मजबूत होता है। इसके साथ ही खाना बेहद अहम रोल निभाता है। पौष्टिक खाने पर ध्यान दें।












Click it and Unblock the Notifications