महबूबा मुफ्ती को फिर लगा जोर का झटका, 3 सीनियर पीडीपी नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दिया
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर की शीर्ष राजनीति दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी यानी पीडीपी को फिर एक बार बड़ा झटका है। गुरूवार को तीन वरिष्ठ पीडीपी नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पीडीपी से इस्तीफा देने वाले तीनों नेता धमन भसीन, फेलैल सिंह और प्रीतम कोतवाल वर्ष 1998 में स्थापित पीडीपी के संस्थापक नेता थे। यह पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती के लिए बड़ा धक्का इसलिए भी है, क्योंकि हाल में पार्टी के तीन और बड़े नेता पार्टी को अलविदा कह चुके हैं।
Recommended Video

पीडीपी से इस्तीफा देने वाले तीनों सीनियर नेताओं द्वारा पीडीपी चीफ को भेजे इस्तीफे में कहा गया है कि पार्टी को रहस्यमयी और सांप्रदायिक तत्वों ने हाईजैक कर लिया है, ऐसे में उनके पास पीडीपी से इस्तीफे के अलावा कोई विकल्प नहीं था। पत्र में संयुक्त रूप से तीनों नेताओं द्वारा कहा गया है कि नेशनल कांफ्रेंस की बी टीम बनने के अलावा, वो हाल में पार्टी नेतृत्व द्वारा संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद के सिद्धांतों के खिलाफ बेहद उत्तेजक व विवादास्पद बयान देने से आहत थे।

इससे पहले, पूर्व राज्यसभा सदस्य टीएस बाजवा समेत पीडीपी के तीन संस्थापक सदस्यों ने पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के अवांछनीय बयानों के कारण असहज और घुटन महसूस करते हुए पीडीपी से इस्तीफा दे दिया था। गत 15 नवंबर को पीडीपी के संस्थापक सदस्यों में शुमार मुजफ्फर हुसैन बेग ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव में सीट बंटवारे में असहमित को लेकर इस्तीफा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications