मेघालय सरकार ने पीएम मोदी की रैली को इजाजत देने से किया इनकार, BJP बोली- कोई नहीं रोक सकता
मेघालय में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी की होने वाली रैली को मेघालय सरकार ने इजाजत देने से इनकार कर दिया है। भाजपा की ओर से पलटवार करते हुए कहा गया है कि कोई भी पीएम की रैली नहीं रोक सकता।

मेघालय सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी को दक्षिण तुरा स्थित पीए संगमा स्टेडियम में रैली को संबोधित करना था, लेकिन मेघालय सरकार ने इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया है। मेघालय सरकार के इस फैसले से भारतीय जनता पार्टी काफी नाराज है। भाजपा की ओर से मेघालय सरकार पर पलटवार करते हुए कहा गया कि पीएम को कोई नहीं रोक सकता है। प्रधानमंत्री मोदी शिलॉन्ग और तुरा में 24 फरवरी को चुनाव प्रचाऱ अभियान में शामिल होने के लिए जाने वाले हैं। मेघालय के खेल विभाग की ओर से तुरा में रैली की इजाजत नहीं दी गई है। विभाग की ओर से कहा गया है कि यहां पर निर्माण कार्य चल रहा है।
जिला चुनाव अधिकारी स्वप्निल तेंबे ने कहा कि खेल विभाग की ओर से कहा गया है कि यहां पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों का कार्यक्रम कराना ठीक नहीं होगा क्योंकि यहां पर निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पर काफी सामान रखा है, लिहाजा इसकी वजह से सुरक्षा में दिक्कत आ सकती है। लिहाजा इसके दूसरे वैकल्पिक जगह की तलाश करनी चाहिए। लिहाजा दूसरे वैकल्पिक स्थान एलोटग्रे क्रिकेट स्टेडियम पर विचार किया जा सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रितुराज सिन्हा ने कहा कि रैली पहले से तय स्थान पर ही होगी। एक बार पीएम ने यह फैसला ले लिया कि वह मेघालय के लोगों से बात करें तो पीएम को कोई नहीं रोक सकता है। मैं यह समझ नहीं पा रहा हूं कि आखिर कैसे इस स्टेडियम को देने से इनकार किया जा सकता है। खासकर कि तब जब इस स्टेडियम का खुद पीएम ने दो महीने पहले उद्घाटन किया था। क्या कोनरेड संगमा और मुकुल संगमा भाजपा से डर गए हैं। ये लोग मेघालय में भाजाप की लहर को रोकना चाहते हैं। आप पीएम मोदी की रैली को रोकने की कोशिश कर सकते हैं लेकिन प्रदेश के लोगों ने मन बना लिया है कि वह भाजपा को समर्थन देंगे।
भाजपा मेघालय चुनाव कमेटी के सह संयोजक रूपम गोस्वामी ने कहा कि पीएम मोदी की रैली होगी। पार्टी ने दूसरे वैकल्पिक जगह को चुन लिया है और जिला प्रशासन की अनुमति का इंतजार कर हे हैं। गौर करने वाली बात है कि पीएम 24 फरवरी को यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पीएम रोड शो भी करेंगे। भाजपा को उम्मीद है कि वह यहां बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी। मेघालय में 27 फरवरी को मतदान होगा। त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के चुनाव नतीजे 2 मार्च को आएंगे। त्रिपुरा की सभी 60 सीटों पर मतदान 16 फरवरी को हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications