मेघालय में कांग्रेस को झटका, 13 कांग्रेस विधायकों संग टीएमसी में शामिल हो सकते हैं पूर्व सीएम मुकुल संगमा
शिलॉन्ग, 1 अक्टूबर: पूर्वोत्तर के राज्य मेघालय में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने जा रहा है। राज्य के पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकुल संगमा तृणमूल कांग्रेस में शामिल होना तकरीबन तय माना जा रहा है। उनके साथ 12-13 कांग्रेस विधायकों के भी टीएमसी में शामिल होने की चर्चा है। जानकारी के मुताबिक, टीमएमसी की ओर से प्रशांत किशोर मुकुल संगमा के साथ बातचीत कर रहे हैं। बहुत जल्दी ही मुकुल संगमा इसको लेकर आधिकारिक बयान जारी कर सकते हैं।

बताया गया है कि मेघालय विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकुल संगमा की कांग्रेस आलाकमान के साथ बन नहीं रही है। संगमा कुछ दिन पहले विंसेंट एच पाला को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध कर चुके हैं। अब कहा जा रहा है कि वो ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी का दामन थाम सकते हैं। उनके करीबी 12-13 विधायक भी उनके साथ कांग्रेस छोड़ सकते हैं। बता दें कि मेघालय में 2018 में विधानसभा के चुनाव हुए थे। 60 सीटों वाली विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी ने 21 सीटें जीतकर, बीजेपी की मदद से सरकार बनाई थी। कांग्रेस यहां मुख्य विपक्षी दल है। 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं। मुकुल संगमा वहां कांग्रेस का मुख्य चेहरा हैं, वो टीएमसी में जाते हैं तो निश्चित ही कांग्रेस के लिए ये एक झटका होगा।
टीएमसी में लगातार जा रहे भाजपा और कांग्रेस के नेता
इस साल अप्रैल-मई में टीएमसी के लगातार तीसरी बार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज होने के बाद पार्टी तेजी से बढ़ी है। बंगाल, असम और पूर्वोत्तर के राज्यों से एक के बाद एक कांग्रेस और भाजपा के बड़े राजनेता टीएमसी में शामिल हुए हैं।
इस साल अगस्त में ही महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सुष्मिता देव कांग्रेस छोड़ टीएमसी में शामिल हो गई थीं। हाल ही में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता लुइजिन्हो फलेरियो भी टीएमसी में आ गए हैं। वहीं पश्चिम बंगाल में मुकुल रॉय, बाबुल सुप्रियो समेत कई भाजपा नेता टीएमसी में आ चुके हैं। जिसमें सीटिंग विधायक और सांसद भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications