मेघालय: वेस्ट शिलॉन्ग से BJP चीफ अर्नेस्ट मावरी चुनाव हारे, बीफ खाने वाले बयान पर बटोरीं थीं सुर्खियां
मेघालय भाजपा प्रमुख अर्नेस्ट मावरी 2023 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम शिलांग निर्वाचन क्षेत्र से 20.07 प्रतिशत मतों से हार गए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मेघालय अध्यक्ष अर्नेस्ट मावरी वेस्ट शिलॉन्ग से चुनाव हार गए हैं। अर्नेस्ट मावरी चुनावों के दौरान अपनी बीफ वाले बयान के कारण सुर्खियों में आए थे। अर्नेस्ट मावरी ने कहा था कि मेघालय में बीफ खाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है और वह भी बीफ का सेवन करते हैं। अर्नेस्ट मावरी को करीब 4146 वोट से हार का सामना करना पड़ा है।
भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार मेघालय भाजपा प्रमुख अर्नेस्ट मावरी 2023 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम शिलांग निर्वाचन क्षेत्र से 20.07 प्रतिशत मतों से हार गए हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के पॉल लिंग्दोह ने 7917 (42.14%) वोट हासिल किए। उन्होंने नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहेंड्रो रैपसांग को 3,485 वोटों से हराया।
मेघालय भाजपा प्रमुख अर्नेस्ट मावरी ने पिछले महीने यह कहकर सुर्खियां बटोरीं थी कि अगर मेघालय में भाजपा सत्ता में वापसी करती है तो उनकी पार्टी बीफ खाने वाले लोगों पर किसी भी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं लगाएगी। मावरी ने कहा था कि मेघालय ईसाई बहुल राज्य है और अगर भाजपा सत्ता में आती है तो वह ईसाइयों को अधिक सुरक्षा मुहैया कराएगी।
अर्नेस्ट मावरी ने कहा था कि, हम मेघालय में हैं, यहां हर कोई बीफ खाता है, और कोई प्रतिबंध नहीं है। हां, मैं भी बीफ खाता हूं। इस पर कोई प्रतिबंध नहीं है। यह यहां के लोगों की जीवन शैली है और इसे कोई नहीं रोक सकता। भारत में भी ऐसा कोई नियम नहीं है। मेघालय में हमारे पास एक बूचड़खाना है, हर कोई गाय या सुअर लेता है और उसे बाजार में लाता है।












Click it and Unblock the Notifications