ECI ने आखिर क्यों Meenakshi Natarajan का Nomination रद्द? कांग्रेस-BJP के क्या तर्क? कहां अटका कानूनी पेच?
Meenakshi Natarajan Nomination Rejected Reason: मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट को लेकर मचा सियासी घमासान अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है। कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद 9 जून की रात कांग्रेस नेता जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, सचिन पायलट और अन्य भारत निर्वाचन आयोग के दफ़्तर पहुंचे। जमकर हंगामा किया।
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह अपनी उम्मीदवार मीनाक्षी का नामांकन पत्र खारिज किए जाने के खिलाफ अदालत जाएगी। पार्टी नेताओं के अनुसार, यह सिर्फ एक सीट या एक नामांकन का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और चुनावी संस्थाओं की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर सवाल है। उधर, चुनाव अधिकारी के फैसले के बाद राजनीतिक और कानूनी गलियारों में इस पर तीखी बहस जारी है कि क्या महज एक नोटिस की जानकारी न देने के आधार पर किसी प्रत्याशी का नामांकन रद्द किया जा सकता है? आइए विस्तार से जानते हैं क्या है वजह? क्यों हुआ कैंसिल? कांग्रेस के क्या तर्क?

विवाद की जड़: नामांकन पत्र आखिर क्यों खारिज हुआ?
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के दौरान बड़ा विवाद उस समय खड़ा हुआ, जब कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया। रिटर्निंग अधिकारी ने आदेश में यह मुख्य वजह बताई कि नटराजन ने अपने चुनावी हलफनामे में तेलंगाना में लंबित एक आपराधिक मामले का ब्योरा कथित रूप से नहीं दिया। अधिकारियों का कहना है कि उम्मीदवारों के लिए यह अनिवार्य है कि वे अपने खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मामलों की जानकारी शपथ पत्र में दर्ज करें, और ऐसा न करना सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है।
यह आपत्ति भाजपा उम्मीदवार महेश केवट (BJP candidate Mahesh Kevat) की शिकायत से शुरू हुई। केवट ने, जो इसी राज्यसभा सीट से मैदान में हैं, आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ तेलंगाना की एक अदालत में मामला चल रहा है, लेकिन इसका उल्लेख नामांकन हलफनामे में नहीं किया गया। केवट की ओर से पेश वकील संकेत गुप्ता ने मीडिया को बताया कि यह जानकारी जानबूझकर छिपाई गई और इसी आधार पर उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी के सामने आपत्ति दर्ज कराई। उनके मुताबिक, उम्मीदवार के आपराधिक ब्योरे को छिपाना न केवल कानूनी रूप से गलत है, बल्कि मतदाताओं और विधायकों से पारदर्शिता छीनने वाली हरकत भी है।
रिटर्निंग अधिकारी ने शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन अस्वीकार कर दिया। जैसे ही यह खबर सामने आई, कांग्रेस खेमे में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ गए और इसे सियासी साजिश बताया जाने लगा।
कांग्रेस की तरफ से क्या तर्क दिए जा रहे हैं?
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन रद्द होने को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया। उनका कहना है कि भाजपा अब सिर्फ 'वोट चोरी' नहीं, बल्कि 'सीट चोरी' की राजनीति पर उतर आई है। नटराजन के मुताबिक विवाद की पृष्ठभूमि तब बनी जब भाजपा ने तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारा, जबकि संख्या बल साफ संकेत दे रहा था कि उनके पास उतने वोट नहीं हैं। नटराजन का आरोप है कि तभी से यह स्पष्ट हो गया था कि भाजपा किसी भी तरह से यह सीट निकालने की तैयारी कर रही है।
नटराजन का आरोप है कि, जैसे ही सत्ता पक्ष को लगा कि सदन में बहुमत के गणित के हिसाब से उनका उम्मीदवार पिछड़ सकता है, उन्होंने कानूनी आपत्तियों का सहारा ले लिया। उनके मुताबिक कांग्रेस की तरफ से पेश वकीलों के तर्कों और दस्तावेजों को सुने बिना ही रिटर्निंग अधिकारी ने एकतरफा फैसला सुना दिया। नटराजन कहती हैं कि यह मामला केवल उनकी उम्मीदवारी या एक चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि देश भर में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के लिए खतरनाक मिसाल बन सकता है। उन्होंने ऐलान किया है कि वे इस फैसले को अदालत में चुनौती देंगी।
Congress के शीर्ष नेतृत्व बोले, ये भाजपा की 'कुत्सित चाल'
कांग्रेस संगठन ने भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखकर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने को भाजपा की 'कुत्सित चाल' बताया। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि यह निर्णय चुनावी प्रक्रिया को गुप्त रूप से कमजोर करने की सोची-समझी कोशिश है। उनके अनुसार न तो नामांकन में कोई गंभीर त्रुटि थी, न ही जानबूझकर जानकारी छिपाने जैसा कोई मामला, बल्कि यह कदम कांग्रेस से राज्यसभा सीट 'छीनने' का एक 'हताशापूर्ण प्रयास' है।
वेणुगोपाल ने यह भी दावा किया कि जब भाजपा को यह महसूस हुआ कि कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने की उनकी 'गंदी चालें' कामयाब नहीं हो पा रहीं, तब उन्होंने नामांकन पर तकनीकी आपत्ति का नया रास्ता अख्तियार किया। उनके मुताबिक यह सब भाजपा की संविधान और लोकतंत्र के प्रति 'खोखली प्रतिबद्धता' को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसे 'लोकतंत्र की दिनदहाड़े डकैती' मानती है और सड़क से लेकर अदालत तक हर मंच पर इसका विरोध करेगी।
कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने कहा, हम यहां एक याचिका सौंपने आए हैं। हमारे उम्मीदवार को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। हम बस चुनाव आयोग को अपनी याचिका सौंपना चाहते हैं... मैं वेटिंग रूम में क्यों नहीं बैठ सकता? मैं 35 साल से ज़्यादा समय से सांसद रहा हूं। मैं यहां 10 मिनट से ज़्यादा समय से इंतज़ार कर रहा हूं। आप हमें जानबूझकर रोक रहे हैं। मैंने ऐसा कुछ कभी नहीं देखा...। भारत निर्वाचन आयोग ने कल दोपहर 12 बजे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए मिलने का समय देने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह (Congress MLA Yadvendra Singh) ने भी घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए माहौल का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि जिस दिन यह फैसला हुआ, उसी दिन हवाई अड्डे पर उनके प्रतिनिधिमंडल की उड़ान तक संचालित न होने दी गई, जिससे उन्हें दिल्ली जाने में दिक्कत आई। उनके अनुसार यह उदाहरण दिखाता है कि सत्ता पक्ष और तंत्र मिलकर किस हद तक जा सकते हैं। यादवेंद्र सिंह के मुताबिक, सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उम्मीदवार का नामांकन ही खारिज हो गया और तुरंत कोई स्पष्ट कारण भी विस्तार से नहीं बताया गया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने इसे भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का 'काला अध्याय' कहा। पायलट के अनुसार, शायद ही कभी ऐसा हुआ हो कि किसी उम्मीदवार के खिलाफ न एफआईआर हो, न चार्जशीट, और फिर भी बिना ठोस कारण सार्वजनिक रूप से बताए उसका नामांकन खारिज कर दिया जाए। उनका आरोप है कि यह पूरी तरह सुनियोजित साजिश है और चुनाव आयोग कांग्रेस की दलीलें सुनने को तैयार नहीं दिखा। उन्होंने भी साफ कहा कि कांग्रेस न्यायिक हस्तक्षेप के लिए अदालत का रुख करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने इस प्रकरण के बहाने चुनाव आयोग की स्वायत्तता और कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए। बघेल के मुताबिक रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें शाम 5:30 बजे सुनवाई का समय दिया, जबकि उसी समय चुनाव आयोग का कार्यालय बंद हो जाता है। उनका सवाल था कि अगर कोई पक्ष आरओ के फैसले से असहमत हो, तो तत्काल अपील कहां और कैसे की जाए, जबकि संबंधित दफ्तर में न कोई अधिकारी उपलब्ध था, न ही सुनवाई की व्यवस्था। बघेल के अनुसार उन्हें और उनके साथियों को आवेदन स्वीकार कराए जाने के लिए धरने पर बैठना पड़ा, तब जाकर उनका आवेदन लिया गया।
कानूनी पेच क्या है? कांग्रेस का पक्ष
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी (Harish Chaudhary) ने इस पूरे विवाद में कानूनी पहलू पर जोर देते हुए कहा कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज ही नहीं है। चौधरी का कहना है कि भाजपा और उसके समर्थक केवल एक नोटिस को 'आपराधिक मामला' बताकर उसे मुद्दा बना रहे हैं। उनके अनुसार, नटराजन को तेलंगाना की अदालत से सिर्फ एक 'शो-कॉज नोटिस' मिला था, जिसमें जवाब मांगा गया था, लेकिन उसे औपचारिक आपराधिक मुकदमा नहीं कहा जा सकता।
चौधरी ने दावा किया कि चुनाव आयोग के नियम स्पष्ट हैं कि प्रत्याशी को केवल उन्हीं मामलों की जानकारी देनी होती है, जिनमें औपचारिक रूप से आपराधिक केस दर्ज हो चुका हो, यानी एफआईआर, चार्जशीट या न्यायालय में लंबित मुकदमा। कांग्रेस की दलील है कि महज नोटिस प्राप्त होना इस श्रेणी में नहीं आता, इसलिए इसे छिपाने या बताने के सवाल का आधार ही नहीं बनता। चौधरी के मुताबिक नोटिस स्तर की जानकारी न देने को नामांकन खारिज करने का वैध आधार नहीं माना जा सकता, और यदि इसे मानक बना दिया जाए तो आगे चलकर किसी भी प्रत्याशी को तकनीकी आधार पर चुनाव से बाहर किया जा सकेगा।
कांग्रेस का रुख है कि भाजपा ने इस कानूनी व्याख्या को अपने पक्ष में मोड़कर चुनावी मुकाबला ही बदल दिया है। पार्टी नेताओं का यह भी कहना है कि यदि आरोप यही है कि एक 'नोटिस' का विवरण नहीं दिया गया, तो रिटर्निंग अधिकारी को कम से कम दोनों पक्षों की बात विस्तार से सुनकर, लिखित कानूनी राय लेकर और पारदर्शी तरीके से आदेश जारी करना चाहिए था, ताकि किसी पक्षपात की धारणा न बने।
कौन हैं मीनाक्षी नटराजन? छात्र राजनीति से सांसद बनने तक
छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत करने वाली मीनाक्षी ने संगठन और संसदीय राजनीति दोनों में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। कांग्रेस पार्टी के भीतर उन्हें एक मजबूत संगठनकर्ता और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने वाली नेता के रूप में जाना जाता है।
मीनाक्षी नटराजन का जन्म 23 जुलाई 1973 को मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के नागदा में हुआ था। उन्होंने स्नातकोत्तर तक शिक्षा प्राप्त की और कॉलेज के दिनों में ही नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) से जुड़कर राजनीति में कदम रखा। उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता के चलते उन्हें 1999 में एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद 2002 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में काम किया।
साल 2008 में राहुल गांधी ने उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का सचिव नियुक्त किया। 2009 में उन्होंने मंदसौर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीनारायण पांडे को 30 हजार से अधिक वोटों से हराकर संसद पहुंचीं। सांसद के रूप में उन्होंने विभिन्न संसदीय समितियों में जिम्मेदारियां निभाईं और महिला सशक्तिकरण समेत कई मुद्दों पर काम किया।
2009 का हलफनामा
हालांकि, 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार सुधीर गुप्ता के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद भी वह कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहीं। पार्टी की रणनीति, संगठन विस्तार और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी भूमिका लगातार बनी रही। संपत्ति की बात करें, तो उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के अनुसार मीनाक्षी नटराजन की कुल संपत्ति करीब 67.59 लाख रुपये है। उनके ऊपर किसी प्रकार की देनदारी दर्ज नहीं है। वर्तमान में मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की सक्रिय नेताओं में शामिल हैं और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के संगठनात्मक कार्यों तथा राजनीतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
आगे क्या? कानूनी लड़ाई और राजनीतिक असर समझें...
नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि यह मामला अब अदालत तक जाएगा। पार्टी का इरादा न केवल मीनाक्षी नटराजन की उम्मीदवारी बहाल करवाने की कोशिश करने का है, बल्कि चुनावी प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और स्वतंत्रता पर भी न्यायिक समीक्षा की मांग करने का है। पार्टी नेताओं के बयानों से यह संदेश दिया जा रहा है कि यदि इस तरह के फैसले बिना स्पष्ट और सार्वजनिक तर्क के लिए जाने लगे, तो भविष्य में किसी भी विपक्षी उम्मीदवार को चुनावी दौड़ से बाहर करना आसान हो जाएगा।
दूसरी ओर, भाजपा और उसके प्रतिनिधि इस पूरी प्रक्रिया को वैधानिक और नियमों के अनुरूप बता रहे हैं। उनके अनुसार यदि किसी प्रत्याशी ने हलफनामे में अधूरी या गलत जानकारी दी है, तो उस पर सवाल उठाना और कानूनी आपत्ति दर्ज करना लोकतांत्रिक अधिकार है। इस तर्क के आधार पर वे दावा कर सकते हैं कि यह कदम नियमों का पालन करवाने के लिए उठाया गया, न कि किसी राजनीतिक प्रतिशोध के लिए।
कुल मिलाकर, यह विवाद अब केवल एक राज्यसभा सीट से कहीं आगे बढ़कर लोकतांत्रिक प्रतिष्ठानों, चुनाव आयोग की साख, रिटर्निंग अधिकारी की भूमिका और राजनीतिक दलों की रणनीतियों पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस इसे लोकतंत्र की 'दिनदहाड़े डकैती' बता रही है, जबकि भाजपा इस पर फिलहाल खुले तौर पर विस्तार से जवाब देने से बचती दिख रही है और प्रक्रिया को नियमसम्मत ठहरा रही है। अंतिम शब्द अब अदालत और संवैधानिक संस्थानों के फैसलों पर निर्भर करेगा, जो यह निर्धारित करेंगे कि नामांकन खारिज करने की यह मिसाल भविष्य की चुनावी राजनीति के लिए किस तरह का मानक तय करती है।
Download












Click it and Unblock the Notifications