कारगिल पर आज़म खां के बयान ने कुरेदे शहीदों के परिजनों के जख्म

शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के पिता डॉक्टर एनके कालिया और कारगिल शहीद स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा की पत्नी को अाजम खान के बयान से जितनी तकलीफ हुई है, उसका अंदाजा भी आजम को नहीं है।
नेताओं को नहीं आती शर्म
एनडीए के एक बहादुर अफसर शहीद कैप्टन सौरभ कालिया 15 मई 1999 को पांच और सैनिकों के साथ कारगिल की बजंरग पोस्ट पर पेट्रोलिंग के निकले थे। पाकिस्तानी फौज ने उन्हें बंदी बना लिया। 22 दिन तक उनका और उनके साथी जवानों का कुछ पता नहीं लगा और फिर उनका क्षत-विक्षत शव मिला। रिपोर्ट के मुताबिक उनके शरीर को सिगरेट से दागा गया था। हाथ की उंगलियां गायब थीं और कान को गर्म रॉड से दागा गया था।
पढ़ें-आजम के बेहुदा बयान से सेना के अधिकारी नाराज
आज भारत सरकार उनके साथ हुए बर्ताव के बाद पाक पर वॉर क्राइम के तहत केस दर्ज करने में हिचक रही है। शहीद कैप्टन के पिता डॉक्टर एनके कालिया का दर्द बातचीत से ही उभर आया। उन्होंने आजम खान के बयान की तीखी आलोचना करते हुए कहा, 'इस देश के नेताओं को कुछ भी बोलने में जरा भी शर्म नहीं आती है। मैंने और इस देश के कई मां-बाप ने अपने बेटों को खो दिया है। सेना में कोई भी सैनिक हिंदु या मुसलमान या सिख, ईसाई नहीं होते हैं। वह पहले खुद को एक सैनिक मानता है और देश के लिए अपने कर्तव्य को पूरा करता है। मेरा अनुरोध है कि कारगिल वॉर पर इस तरह की गंदी राजनीति न की जाए। अगर कुछ करना ही है तो हमें इंसाफ दिलाने की कोशिश करें।'
सुनकर दर्द होता है
कैप्टन सौरभ की ही तरह स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा भी कारगिल वॉर के दौरान पाकिस्तान की दरिंदगी का शिकार हुए थे। आजम खान का बयान उनकी पत्नी अल्का आहूजा के दिल में नश्तर की तरह चुभ रहा है। आपको बता दें कि स्क्वाड्रन लीडर अजय कारगिल वॉर के दौरान सफेद सागर ऑपरेशन का हिस्सा थे। मिग-21 को ऑपरेट कर रहे स्क्वाड्रन लीडर अजय पर मिसाइल के जरिए हमला किया गया था।
इस हमले में वह बच गए और सुरक्षित एयरक्राफ्ट से देश की धरती पर वापस भी आ गए। लेकिन कश्मीर के बेस हॉस्पिटल में उनके पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने सबकों चौंका दिया। रिपोर्ट के मुताबिक अजय को पाकिस्तान की ओर से इतना टॉर्चर किया गया था
कि उनकी मौत हो गई। युद्ध के 15 वर्षों के बाद इस तरह की घटिया बयानबाजी से उनकी पत्नी काफी दुखी हैं। अल्का के मुताबिक आजम या किसी और की तरफ से जब ऐसे बयान आते हैं तो बहुत तकलीफ होती है। अल्का कहती हैं कि यह बिल्कुल भी सही नहीं है।
कारगिल जाकर दिखाएं आजम
रिटायर्ड मेजर जनरल गगनदीप बख्शी आजम के इस बयान से इस कदर खफा हैं कि उन्होंने आजम को शर्म बता डाला। मेजर जनरल बख्शी के मुताबिक युद्ध में 527 भारतीय सैनिकों की जान गई और 1336 सैनिक घायल हुए। कोई हिन्दु या मुसलमान नहीं था बल्कि भारतीय था।
सैनिकों के लिए देश पहले आता है। आजम खान को अपनी भैंसों और विदेशी दौरों से आगे जाकर देखना होगा। वह एक बार कारगिल आकर देखें कि आर्मी की यूनिट्स कैसे फंक्शन करती हैं।


Click it and Unblock the Notifications
