Mizoram में अंडर कंस्ट्रक्शन रेलवे का पुल गिरा, अब तक 17 की मौत...रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Mizoram Bridge Collapse: मिजोरम की राजधानी आइजोल से करीब 20 किलोमीटर दूर सैरांग इलाके में एक निर्माणाधीन रेलवे पुल अचानक गिर गया है। रेलवे का निर्माणाधीन पुल ढहने से 17 श्रमिकों की मौत हो गई। 17 मजदूरों की मौतों की पुष्टि मिजोरम के सीएम जोरमथांगा (Zoramthanga) ने ट्वीट कर की है।
वहीं, दूसरी तरफ ऐसा बताया जा रहा है कि मलबे में अब भी 30 से 35 मजदूर और दबे हो सकते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे अधिकारियों के साथ पुलिस-प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मरने वाले मजदूरों की संख्या अभी और भी बढ़ सकती है। जिस समय यह हादसा हुआ उस वक्त सभी मजदूर पुल का काम काम कर रहे थे। रेलवे के CPRO सब्यसाची डे ने ANI को बताया कि रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल का दौरा करेंगे।
आजतक की खबर के मुताबिक, जिस रेलवे पुल नंबर196 पर यह हादसा हुआ उसकी ऊंचाई 104 मीटर है। वहीं, मिजोरम के सीएम जोरमथांगा (Zoramthanga) ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा,
आइजोल के निकट सायरांग में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज आज ढह गया। हादसे में करीब 17 श्रमिकों की मृत्यु हो गई है। बचाव कार्य जारी है। मैं इस त्रासदी से बहुत दुखी हूं। सभी शोक संतप्त परिवरों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
वहीं, इस हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया। साथ ही, आइजोल रेलवे ओवर ब्रिज हादसे में मृत्कों के परिजनों को PMMRF से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। तो वहीं, इस हादसे को लेकर रेलवे अधिकारियों ने ताजा जानकारी दी है।
रेलवे अधिकारियों की मानें तो मिजोरम रेलवे ओवरब्रिज हादसे में अब तक 9 लोगों को बचाया जा चुका है। NDRF, राज्य प्रशासन और रेलवे अधिकारी युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रहे हैं। यह भी कहा गया है कि ब्रिज गर्डर प्रक्रिया को आईआईटी विशेषज्ञों द्वारा विधिवत अनुमोदित किया गया था।
इस मामले में अब जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी का भी गठन किया गया है। वहीं, मिजोरम रेलवे ओवर ब्रिज ढहने पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि मिजोरम में दुर्भाग्यपूर्ण घटना से दुखी हूं। एनडीआरएफ, राज्य प्रशासन और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर हैं। युद्ध स्तर पर बचाव अभियान जारी है। मृत्यु पर 10 लाख रुपये, गंभीर चोटों के लिए 2 लाख रुपये और मामूली चोटों के लिए ₹50,000 का मुआवजा दिया जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications