Mann Ki Baat : महाकुंभ से लेकर गणतंत्र दिवस तक, PM नरेंद्र मोदी के मन की बात की बड़ी बातें
Mann Ki Baat (Narendra Modi): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का आज 118वां एपिसोड प्रसारित किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''इस बार का 'गणतंत्र दिवस' बहुत विशेष है। ये भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ है। इस वर्ष संविधान लागू होने के 75 साल हो रहे हैं। मैं संविधान सभा के उन सभी महान व्यक्तित्वों को नमन करता हूं, जिन्होंने हमें हमारा पवित्र संविधान दिया।''
पीएम मोदी ने प्रयागराज में महाकुंभ पर भी बात की। पीएम मोदी ने कहा, ''प्रयागराज में महाकुंभ का श्रीगणेश हो चुका है। चिरस्मरणीय जनसैलाब, अकल्पनीय दृश्य और समता-समरसता का असाधारण संगम.. इस बार कुंभ में कई दिव्य योग भी बन रहे हैं। कुंभ का ये उत्सव विविधता में एकता का उत्सव मनाता है। संगम की रेती पर पूरे भारत के, पूरे विश्व के लोग जुटते हैं।''

पीएम मोदी ने आगे कहा, ''हजारों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव नहीं, जातिवाद नहीं।'कुंभ' 'पुष्करम' और 'गंगा सागर मेला', हमारे ये पर्व, हमारे सामाजिक मेल-जोल को, सद्भाव को, एकता को बढ़ाने वाले पर्व हैं। ये पर्व भारत के लोगों को भारत की परंपराओं से जोड़ते हैं।''
Maan Ki Baat Highlights: पीएम मोदी की मन की बात की बड़ी बातें?
🔴 पीएम मोदी ने कहा, ''आज 2025 की पहली मन की बात हो रही है। आप लोगों ने एक बात नोटिस की होगी कि हर बार मन की बात महीने की आखिरी रविवार को होती है, लेकिन इस बार हम एक सप्ताह पहले चौथे रविवार के बजाय तीसरे रविवार को ही मिल रहे हैं, क्योंकि अगले सप्ताह रविवार के दिन ही गणतंत्र दिवस है, मैं सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।''
🔴 पीएम मोदी ने कहा, ''25 जनवरी को नेशनल वोटर डे है। ये दिन इसलिए अहम है, क्योंकि इस दिन 'भारतीय निर्वाचन आयोग' की स्थापना हुई थी। हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान में हमारे चुनाव आयोग को, लोकतंत्र में लोगों की भागीदारी को, बहुत बड़ा स्थान दिया है।मैं चुनाव आयोग का भी धन्यवाद दूंगा, जिसने समय-समय पर, हमारी मतदान प्रक्रिया को आधुनिक बनाया है, मजबूत किया है। आयोग ने जन-शक्ति को और शक्ति देने के लिए, तकनीक की शक्ति का उपयोग किया। मैं चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनाव के उनकी प्रतिबद्धता के लिए बधाई देता हूं।''
🔴 पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''मुझे ये बताते हुए गर्व है कि एक भारतीय स्पेस टेक स्टार्टअप बेंगलुरू के पिक्सल ने भारत का पहला निजी satellite constellation - 'Firefly', सफलतापूर्वक लॉन्च किया है।''
🔴 पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''असम में एक जगह है 'नौगांव'। 'नौगांव' हमारे देश की महान विभूति श्रीमंत शंकरदेव जी का जन्म स्थान भी है। ये जगह बहुत ही सुंदर है। यहां हाथियों का भी एक बड़ा ठिकाना है। इस क्षेत्र में कई घटनाएं देखी जा रही थी, जहां हाथियों के झुंड फसलों को बर्बाद कर देते थे, किसान परेशान रहते थे, जिससे आस-पास के करीब 100 गांवों के लोग, बहुत परेशान थे, लेकिन गांव वाले, हाथियों की भी मजबूरी समझते थे। इसलिए गांव वालों ने इसका समाधान निकालने की सोची। गावं वालों की एक टीम बनी, जिसका नाम था 'हाथी बंधु'। हाथी बंधुओं ने सूझ-बूझ दिखाते हुए करीब 800 बीघा बंजर भूमि पर एक अनूठी कोशिश की। यहां गांववालों ने आपस में मिल-जुल कर नेपियर घास लगाई। इस घास को हाथी बहुत पसंद करते हैं। इसका असर ये हुआ कि हाथियों ने खेतों की ओर जाना कम कर दिया।''
🔴 पीएम मोदी ने कहा, ''23 जनवरी यानि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्म-जयंती को अब हम 'पराक्रम दिवस' के रूप में मनाते हैं। उनके शौर्य से जुड़ी इस गाथा में भी उनके पराक्रम की झलक मिलती है। कुछ साल पहले, मैं उनके उसी घर में गया था, जहां से वे अंग्रेजों को चकमा देकर निकले थे। उनकी वो कार अब भी वहां मौजूद है। वो अनुभव मेरे लिए बहुत ही विशेष रहा।''












Click it and Unblock the Notifications