भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मनमोहन सिंह ने बीजेपी को घेरा, मोदी सरकार पर भी साधा निशाना
राजकोट (गुजरात)। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर हमने तुरंत कार्रवाई की, हालांकि बीजेपी के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता है। मनमोहन सिंह ने कहा कि यूपीए की सरकार के दौरान जिस पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई। वहीं भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बीजेपी का दोहरा रवैया देखने को मिला है। बीजेपी ने भ्रष्टाचार पर कोई कार्रवाई नहीं की। पूर्व प्रधानमंत्री ने जिस तरह से भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया उसमें कहीं न कहीं उनका निशाना बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर था।

गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर प्रचार का आज आखिरी दिन है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इसी के मद्देनजर राजकोट पहुंचे, जहां उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। मनमोहन सिंह ने कहा कि हमारे राष्ट्र की सुरक्षा को केंद्र सरकार की अस्थिर विदेश नीतियों के कारण नुकसान हुआ है। मोदी सरकार की ओर से उठाए गए कुछ कदम देश के हित में नहीं थे।
देश की अर्थव्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि अगर मोदी सरकार को यूपीए सरकार के 10 साल के कार्यकाल में औसत आर्थिक ग्रोथ की बराबरी करनी है तो अपने कार्यकाल के पांचवें साल में उसे कम से कम 10.6 फीसदी की ग्रोथ रेट चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे खुश होगी अगर ऐसा होता है, लेकिन मुझे ऐसा होते हुए नहीं दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications