इंडियन जर्नलिस्ट पर लगे अर्शदीप सिंह को बदनाम करने के आरोप, BJP नेता ने दर्ज कराई FIR
नई दिल्ली, सितंबर 06। एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ हुई भारतीय टीम की हार के बाद से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोल हुए हैं। सोमवार को हद तो तब हो गई जब पाकिस्तान की ओर से उनका लिंक खालिस्तान से जोड़ दिया गया। हालांकि भारत में अर्शदीप सिंह को पूरा समर्थन मिला और पूरा देश एकजुट होकर अर्शदीप सिंह के साथ खड़ा नजर आया, लेकिन इसके बावजूद भी अपने देश में कुछ लोगों पर अर्शदीप सिंह की छवि को खराब करने के सनसनीखेज आरोप लगे हैं और अब मामला दिल्ली पुलिस तक पहुंच गया है।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने दर्ज कराई FIR
दरअसल, फैक्ट चेकर और इंडियन जर्नलिस्ट मोहम्मद जुबैर के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। उनपर आरोप है कि उन्होंने अर्शदीप सिंह और सिख समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने का काम किया है। मोहम्मद जुबैर के खिलाफ भाजपा के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पाकिस्तान ट्वीट के लिंक हो सकते हैं जुबैर से
मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपनी शिकायत में जुबैर के एक ट्वीट का हवाला दिया जिसमें उन्होंने विभिन्न हैंडल पर पोस्ट किए गए अर्शदीप के खिलाफ ट्वीट के स्क्रीनशॉट साझा किए थे। इनमें से अधिकतर ट्वीट पाकिस्तान के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किए गए हैं, इसलिए यह माना जा रहा है कि इस मामले में काफी हद तक मोहम्मद जुबैर का हाथ हो सकता है। सिरसा ने दिल्ली पुलिस से यह मांग की है कि इस बात का पता लगाया जाए कि मोहम्मद जुबैर ने पाकिस्तान में या फिर भारत में किन लोगों से संपर्क किया है।

सिरसा ने लगाए हैं यह आरोप
बीजेपी नेता सिरसा के अनुसार, अर्शदीप सिंह को ट्रोल करने वाले अधिकतर ट्वीट पाकिस्तानी ट्विटर अकाउंट से हुए हैं। सिरसा ने आरोप लगाया है कि मोहम्मद जुबैर ने "राष्ट्र-विरोधी तत्वों" के इशारे पर काम किया था, इसलिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू की जाए। मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपनी ट्विटर अकाउंटर पर कुछ स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं। अपने ट्वीट के जरिए उन्होंने बताया है कि जुबैर का उद्देश्य भारतीय खिलाड़ी को बदनाम करना था। उन्होंने सिख समुदाय की भावनाओं के साथ खिलावाड़ किया है।
Recommended Video

कौन हैं मोहम्मद जुबैर?
आपको बता दें कि मोहम्मद जुबैर फैक्ट चेकर वेबसाइट ऑल्ट न्यूज के फाउंडर हैं। वो अक्सर किसी न किसी विवाद में आते रहते हैं। 2018 में उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ ट्वीट किया था, जो धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला था। इसके लिए उन्हें 24 दिनों तक हिरासत में भी रखा गया था। फिलहाल वो उस मामले में जमानत पर बाहर हैं। जुबैर के खिलाफ यूपी के हाथरस, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और चंदौली में केस दर्ज है।












Click it and Unblock the Notifications