उत्तराखंड को लेकर मनीष तिवारी का कांग्रेस पर निशाना, बोले- सब खत्म करके ही मानेंगे
नई दिल्ली, 23 दिसंबर: पंजाब की श्री आनंदपुर साहिब सीट से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने अपनी पार्टी की लीडरशिप को निशाने पर लिया है। मनीष तिवारी ने ट्वीट करते हुए एक के बाद एक राज्य में कांग्रेस के सामने आ रही मुश्किलों पर सवाल उठाया है। ये ट्वीट उन्होंने उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत के उस बयान को लेकर किया है, जिसमें रावत ने कहा है कि उनके हाथ बंधे हैं और वो काम नहीं कर पा रहे हैं।
Recommended Video

हरीश रावत के खुद के हाथ बंधे होने से जुड़े बयान की खबर को ट्विटर पर शेयर करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष ने लिखा- पहले असम, फिर पंजाब, अब उत्तराखंड... भोग (मृतक के आखिरी संस्कार) पूरा ही पाउण गे, कसर ना रह जावे कोई'। यह पहली बार नहीं है जब मनीष तिवारी ने पार्टी आलाकमान को लेकर सवाल किए हों। पंजाब में नवजोत सिद्धू और अमरिंदर सिंह के झगड़े के समय भी तिवारी ने कई टिप्पणियां की थीं।
क्या कहा है रावत ने
उत्तराखंड में कांग्रेस के सीनियर नेता हरीश रावत ने ट्विटर पर लिखा है- अजीब सी बात है कि चुनाव रूपी समुद्र को तैरना है लेकिन सहयोग के लिए संगठन सहयोग का हाथ आगे बढ़ाने के बजाय या तो मुंह फेर करके खड़ा हो जा रहा है या नकारात्मक भूमिका निभा रहा है। जिस समुद्र में तैरना है, सत्ता ने वहां कई मगरमच्छ छोड़ रखे हैं. जिनके आदेश पर तैरना है, उनके नुमाइंदे मेरे हाथ-पांव बांध रहे हैं। मन में बहुत बार विचार आ रहा है कि हरीश रावत अब बहुत हो गया, बहुत तैर लिए, अब विश्राम का समय है! फिर चुपके से मन के एक कोने से आवाज उठ रही है 'न दैन्यं न पलायनम' उपापोह की स्थिति में हूं, नया वर्ष शायद रास्ता दिखा दे।
उत्तराखंड़ में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में हरीश रावत जैसे मुख्य नेता के राजनीति से दूर होने या पार्टी छोड़ने जैसे संकेतों से साफ है कि इसका असर चुनाव पर होगा। इसी को लेकर मनीष तिवारी ने पार्टी पर निशाना साधा है।












Click it and Unblock the Notifications