किस्मत खुली ‘आप’ के सिसोदिया की
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) कहते हैं कि भाग्य से बढ़कर कुछ नहीं है। मनीष सिसोदिया को लेकर यह बात कही जा सकती है। कभी जी टीवी में मामूली सी नौकरी करने वाला यह शख्स आज दिल्ली का उप मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इलाज के लिए दिल्ली से बाहर जाने पर वह दिल्ली में मुख्यमंत्री का कामकाज एक तरह से देख रहे हैं।
फ्लैट से बंगला
पटपड़गंज से विधायक सिसोदिया दिल्ली से सटी गाजियाबाद की वसुंधरा कालोनी के एक फ्लैट में रहते रहे हैं। अब शिफ्ट होने वाले हैं लुटियंस जोन के एक बंगले में। यह पुराना किला मार्ग पर है। कभी इसमें शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए रहा करती थीं।
अहम विभाग देखते
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें अपनी सरकार में पीडब्लूडी और शिक्षा मंत्री का कामकाज सौपा है। आम आदमी पार्टी में प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव को पैदल किए जाने के बाद सिसोदिया पार्टी में केजरीवाल के बाद दूसरे सबसे बड़े नेता के रूप में उभरे हैं। वे हर मौके पर केजरीवाल का साथ देते हैं। उनकी केजरीवाल के प्रति भक्ति निर्विविवाद है। इसलिए ही केजरीवाल भी उन्हें बहुत मानते हैं।
50 विधायकों का समर्थन
उन्हें पार्टी के 67 में से 50 विधायकों का समर्थन हासिल है। कहने वाले कहते हैं कि वे चाहें तो आप में अब केजरीवाल के लिए चुनौती खड़ी कर सकते हैं। जानकार कहते हैं कि मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं। वे जानते हैं कि सरकारी अफसरों से किस तरह से काम करवाया जाता है। वह सख्त मिजाज हैं। वह जरूरत पड़ने पर अफसरों को हड़काना भी जानते हैं।













Click it and Unblock the Notifications