Manipur Violence: महिलाओं को नग्न परेड मामले पर सरकार को SC की दो टूक, आप कार्रवाई करिए नहीं तो हम करेंगे
Manipur Violence: मणिपुर में जिस तरह से दो महिलाओं को नग्न करके परेड कराया गया और उसका वीडियो तेजी से वयारल हुआ उसके बाद इस मसले पर विपक्ष सरकार को घेर रहा है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का खुद से संज्ञान लिया है।
सु्प्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने इस वीडियो के सामने आने के बाद सरकार से इस मसले पर कार्रवाई करने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मणिपुर में कल दो महिलाओं को नग्न परेड कराने का जो वीडियो सामने आया है वह विचलित करने वाला है।

चीफ जस्टिस ने कहा कि इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। सांप्रदायिक तनाव में महिलाओं का इस्तेमाल करना कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है। जो वीडियो सामने आया है वह बेहद परेशान करने वाला है, अगर सरकार कार्रवाई नहीं करती है तो हम करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि समय आ गया है कि सरकार अब सच में इस मामले में आगे आए और कार्रवाई करे। संवैधानिक लोकतंत्र में इसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है, यह बहुत ही विचलित करने वाला वीडियो है।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर सरकार से पूछा है कि आप इस मामले में क्या कार्रवाई कर रहे हैं, अपराधियों को सजा दिलाने के लिए क्या कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य जो भी कदम उठा रहे हैं उसके बारे में हमे अवगत कराएं। इस मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी।
बता दें कि संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस घटना से मेरा दिल दुखी है। जो भी इस घटना के दोषी हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पीएम ने कहा पाप करने वाले, गुनाह करने वाले, कितने हैं, कौन हैं, वो अपनी जगह पर है, लेकिन बेइज्जती पूरे देश की हो रही है, 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार होना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications