मणिपुर: भूस्खलन की चपेट में आया टेरिटोरियल आर्मी का कैंप, 7 की मौत, 45 लापता
इंफाल, 30 जून: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में कई दिनों से बारिश हो रही, जिस वजह से लगातार पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। राज्य के नोनी जिले में भी बुधवार रात को बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में 107 टेरिटोरियल आर्मी का कैंप आया, जो तुपुल रेलवे स्टेशन के पास था। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। जिला प्रशासन के मुताबिक 7 लोगों के शव को बरामद कर लिया गया है, जबकि 45 लोग अभी भी लापता हैं। वहीं मलबे के अंदर से करीब 13 लोगों को रेस्क्यू किया गया।

Recommended Video
जानकारी के मुताबिक जिरीबाम को इंफाल से जोड़ने के लिए एक रेलवे लाइन का निर्माण हो रहा है। उसी की सुरक्षा के लिए 107 टेरिटोरियल आर्मी के जवानों को तैनात किया गया था। बुधवार रात को वहां पर भारी भूस्खलन हुआ। इसके बाद गुरुवार सुबह सेना, असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस की ओर से बड़े पैमान पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जिसमें साइट पर उपलब्ध इंजीनियरिंग उपकरणों का भी उपयोग किया जा रहा है।
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद से करीब 45 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान जारी है। इसमें हेलीकॉप्टर्स की भी मदद ली जा रही है, लेकिन खराब मौसम की वजह से लगातार रेस्क्यू टीम को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ घायलों को कैंप के पास से निकालकर नोनी आर्मी मेडिकल यूनिट में भर्ती करवाया गया है, जबकि गंभीर घायलों को इंफाल भेजा जा रहा।
अमित शाह ने कही ये बात
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि मणिपुर में भूस्खलन की घटना के बाद सीएम एन. बीरेन सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की। बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है। एनडीआरएफ की टीम भी इसमें शामिल हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications