मणिपुर मामला: 'पुलिस ने ही भीड़ के हवाले किया... निर्वस्त्र परेड की शिकार महिला ने बताया उस दिन क्या-क्या हुआ?
Manipur Incident victim: पिछले लंबे समय से मणिपुर हिंसा की आग में झुलस रहा है। लेकिन हाल ही में सामने आए मानवता को शर्मसार करने वाले महिलाओं के वीडियो से लोगों में रोष है। अब यौन उत्पीड़न का शिकार हुईं महिलाओं में से एक का बयान सामने आया है।
20 और 40 वर्ष की दो महिलाओं संग जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसे लेकर लोगों में गुस्सा है। वीडियो में भी भीड़ द्वारा नग्न अवस्था में उन्हें सड़क की दूसरी ओर खेत में ले जाते हुए देखा जा सकता है। 18 मई को दर्ज हुई शिकायत में आरोप लगाया कि 20 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक बलात्कार भी हुआ।

शिकायत में कहा गया कि कांगपोकपी जिले में उनके गांव पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद वो जंगल में भाग गए थे, जिसके बाद उन्हें थौब पुलिस ने बचाया और पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा था। लेकिन भीड़ ने रास्ते में ही उन्हें रोक दिया और थाने से लगभग दो किलोमीटर दूर पकड़ लिया।
हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर हिंसा और यौन उत्पीड़न का शिकार 20 वर्षीय महिला ने इंडियन एक्सप्रेस से बात की है। महिला ने बताया कि पुलिस उस भीड़ के साथ थी, जो हमारे गांव पर हमला कर रहे थे। पुलिस ने हमें घर से उछाया और थोड़ी दूर ले जाकर भीड़ के साथ सड़क पर छोड़ दिया। हमें पुलिस ने ही उन्हें सौंपा था।
बताते चलें कि अपनी शिकायत में पीड़ितों ने कहा था कि उनमें से पांच लोग एक साथ थे। वीडियो में दिखाई दे रही महिलाओं को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर दिया गया। आरोप ये भी था कि 20 वर्षीय महिला के पिता और भाई को भीड़ ने मार डाला था। महिला ने कहा कि भीड़ ने वही किया जो वो करना चाहते थे। हमने गांव छोड़ा और हम भाग गए।
महिला ने आगे कहा कि उसे और उसके परिवार को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उसका वीडियो बनाया जा रहा है। वीडियो फैलाने को लेकर भी उसे कुछ नहीं पता था। दो महीने बाद आखिरकार वीडियो जब फैला तो पुलिस ने शिकायत दर्ज की। महिला ने कहा कि मणिपुर में इंटरनेट ही नहीं है। हमें कुछ पता ही नहीं चला।
महिला ने कहा कि एक नहीं बल्कि भीड़ का हिस्सा कई आदमी थे। वो कुछ लोगों को तो पहचान सकती है। भीड़ में से एक शख्स को तो उसने अपने भाई का ही दोस्त बताया। बताते चलें कि मणिपुर वीडियो के मामले में पुलिस ने अभी तक सिर्फ एक शख्स की ही गिरफ्तारी की है। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य लोगों को भी पकड़ने को लेकर कार्रवाई चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications