मणिपुर के संगठनों का दावा, 7 महिलाओं के साथ हुआ रेप, CM बीरेन सिंह ने दी सफाई
मणिपुर में जिस तरह से महिलाओं को नग्न करके परेड कराने का वीडियो सामने आया है उसके बाद से लगातार इस मुद्दे को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है। 4 मई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विपक्ष सरकार को लगातार इस मुद्दे पर घेरने में जुटा है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद इस तरह के एक के बाद एक लगातार वीडियो सामने आ रहे हैं। कई संगठनों ने दावा किया है कि 3 मई को भड़की हिंसा के बाद मणिपुर में 7 कूकी जोमी महिलाओं के साथ रेप हुआ है। हालांकि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का कहना है कि सिर्फ एक रेप की घटना हुई है।

वेपेई पीपुल्स काउंसिल, यंग वैपेई असोसिएशन, जोमी स्टूडेंट्स फेडरेशन, कूकी स्टुडेंट्स फेडरएशन ने 23 जुलाई को दावा किया है कि 7 कूकी महिलाओं के साथ प्रदेश में हिंसा भड़कने के बाद रेप हुआ है।
कुल 27 महिलाओं के साथ अत्याचार के मामले हुए हैं जिसमे से 7 के साथ रेप किया गया, 8 को कुचल दिया गया, 2 को जिंदा जला दिया गया, पांच को गोली मार दी गई, तीन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
एक इंटरव्यू के दौरान बीरेन सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में दर्ज हुए 6068 केस में से सिर्फ एक रेप का मामला दर्ज हुआ है, जबकि इसके अलावा, हत्या, लूट आदि मामलों के केस दर्ज हुए हैं। प्रदेश में 3 मई की हिंसा के बाद 160 लोगों की जान गई है, कई लोग घायल हुए हैं।
प्रदेश में 53 फीसदी मैतेई समुदाय के लोग रहते हैं, ये लोग अधिकतर इंफाल घाटी में रहते हैं जबकि नागा और कूकी समुदाय की आबादी प्रदेश में 40 फीसदी है, ये लोग पहाड़ी जिलों में रहते हैं। बता दें कि मणिपुर हिंसा को लेकर केंद्र सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर संसद के मानसून सत्र में इस पूरे मुद्दे पर विपक्ष जमकर हंगामा कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications