मणिपुर बीजेपी प्रमुख टिकेंद्र सिंह का कोरोना वायरस से निधन
इंफाल, मई 13: मणिपुर बीजेपी के प्रमुख प्रोफेसर एस टिकेंद्र सिंह का आज इंफाल में निधन हो गया। टिकेंद्र सिंह पिछले सप्ताह कोरोना संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद उनका इंफाल के शिजा अस्पताल में इलाज चल रहा था। कोरोना संक्रमण के चलते लगातार उनकी हालत बिगड़ रही थी। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद आज उनका कोविड 19 के चलते निधन हो गया।

मणिपुर बीजेपी प्रमुख प्रोफेसर एस टिकेंद्र सिंह के निधन पर बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने शोक व्यक्त किया है। जेपी नड्डा ने ट्वीट कर लिखा कि, एस टिकेंद्र सिंह एक समर्पित नेता थे, जो मणिपुर में भाजपा को मजबूत करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध थे। उन्होंने समाज की भलाई के लिए अथक प्रयास किए। उनका असामयिक और दुर्भाग्यपूर्ण निधन दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाए उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!
बता दें कि मणिपुर में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को मणिपुर में कोरोना के 666 नए मामले दर्ज किए गए जबकि 17 लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान 358 लोग कोरोना से ठीक भी हुए। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार मणिपुर में बुधवार को कोरोना के कुल सक्रिय मामले 5,272 थे।












Click it and Unblock the Notifications