कर्नाटक: मेंगलुरु में जोरों की बारिश, पानी-पानी हुआ पूरा शहर
बेंगलुरु। मंगलवार शाम को कर्नाटक के मेंगलुरु में बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया है। जलभराव सी स्थिति यह रही कि लोगों के घरों और दुकानों में पानी भर गया। सुबह लगभग नौ बजे शुरू हुई बारिश दोपहर तक लगातार हुई। इलाके के कोडियलगुथु, कोत्तरा, चौकी, वीवीएस, कदरी, कंबाला, पणजीमंगेरु, अदयार, येक्कुरु और दूसरे इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं।

ज्यादातर सड़कों में घुटनों तक पानी भर गया। स्थानीय लोगों की मानें तो 25 साल में पहली बार ऐसा हुआ है। जानकार इस बारिश को प्री मानसून रेन (बारिश) बता रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि मानसून के पहुंचने से पहले इलाके में हल्की बारिश देखने को मिलती है जिसे प्री मानसून कहते है।
मौसम विभाग ने कहा कि केरल में मंगलवार को मॉनसून आ गया है अब पूरे कर्नाटक में बारिश होगी। उन्होंने कहा कि अभी मौसम विभाग अगले तीन चार दिनों का इंतजार कर रहा है उसके बाद मॉनसून आने की घोषणा की जाएगी।
आपको बता दें कि सामान्य तौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंचता है लेकिन इस बार यह 3 दिन पहले ही केरल पहुंच चुका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि उत्तर भारत में भी समय से पहले बारिश हो सकती है। जिससे लोगों को तेज गर्मी से निजात मिलेगी।
राहत और बचाव कार्य जारी
पूरे शहर को अलर्ट पर कर दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम उतार दी गई है जो जलभराव में फंसे लोगों को बाहर निकलने में मदद कर रहे हैं। मछुआरों को सलाह दी गई है कि समुद्र के पास न जाएं।
शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। राज्य में ऐहतियातन स्कूलों, कॉलेज और दुकानों को बंद करा दिया गया है। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications