'ऐसा कभी नहीं होने देंगे', कंगना रनौत के तीनों कृषि कानून वापस लाने की वकालत पर भड़की कांग्रेस
Kangana Ranaut On Farm Laws: अपनी फिल्म 'इमरजेंसी' के प्रमोशन के दौरान किसान आंदोलन पर बयान देकर घिरी बीजेपी की मंडी से सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर कुछ ऐसा कहा है कि जिससे राजनीति गर्मा गई है। कंगना रनौत ने एक बार फिर यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया है कि तीनों कृषि कानूनों को सरकार को वापस लाना चाहिए।
अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत ने केंद्र सरकार की ओर से खत्म किए जा चुके तीनों कृषि कानूनों को वापस लाने की मांग दोहराई है। बीजेपी सांसद ने मांग करते हुए कहा कि उन तीनों कृषि कानूनों को दोबारा लाना चाहिए, जिन्हें केंद्र सरकार ने भारी विरोध के बाद वापस ले लिया था।

किसानों के हित में बताए कृषि कानून
कंगना ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि तीनों कानून किसानों के हित में थे और उन्हें खुद इसे वापस लाने की मांग करनी चाहिए। कंगना रनौत ने तर्क दिया कि तीनों कानून किसानों के लिए फायदेमंद थे, लेकिन कुछ राज्यों में किसान संगठनों के विरोध के कारण सरकार ने उन्हें निरस्त कर दिया।
कांग्रेस ने दी तीखी प्रतिक्रिया
उन्होंने कहा, "किसान देश के विकास में ताकत का स्तंभ हैं। मैं उनसे अपील करना चाहती हूं कि वे अपने भले के लिए कानून वापस मांगें।" कांग्रेस ने रनौत की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ऐसा कभी नहीं होने देगी।
कानून की वापसी अब कभी नहीं होगी-कांग्रेस
कंगना के इस बयान के बाद कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा है। कंगना के बयान की वीडियो एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने लिखा कि अब BJP के सांसद फिर से इन कानून की वापसी का प्लान बना रहे हैं। कांग्रेस किसानों के साथ है। इन काले कानून की वापसी अब कभी नहीं होगी, चाहे नरेंद्र मोदी और उनके सांसद जितना जोर लगा लें।
किसानों पर लादे गए 3 काले कानून वापस लाने चाहिए
:- BJP की सांसद कंगना रनौत ने ये बात कही
देश के 750 से ज्यादा किसान शहीद हुए, तब जाकर मोदी सरकार की नींद टूटी और ये काले कानून वापस हुए.
अब BJP के सांसद फिर से इन कानून की वापसी का प्लान बना रहे हैं.
कांग्रेस किसानों के साथ है.… pic.twitter.com/O5N8kqQHT4
— Congress (@INCIndia) September 24, 2024
इधर, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "तीन काले किसान विरोधी कानूनों का विरोध करते हुए 750 से अधिक किसान शहीद हो गए। उन्हें फिर से वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे।"












Click it and Unblock the Notifications