Raghuvanshi Case: इंदौर एयरपोर्ट पर सरेआम थप्पड़! राजा रघुवंशी मर्डर केस के आरोपी से भिड़ गया युवक; Video
Raja Raghuvanshi Case: राजा रघुवंशी मर्डर केस में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को मंगलवार रात इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट से मेघालय पुलिस टीम लेकर जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक यात्री ने अचानक एक आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, ये सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि कुछ पल के लिए एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिस टीम के साथ आरोपी जैसे ही एयरपोर्ट के अंदर दाखिल हो रहे थे, एक यात्री अपना गुस्सा नहीं रोक पाया और अचानक थप्पड़ मार दिया। आरोपी मास्क पहने हुए थे, इसलिए यह साफ नहीं हो सका कि किस आरोपी को निशाना बनाया गया।

दरअसल, मेघालय पुलिस की 12 सदस्यीय टीम आरोपियों- राज कुशवाह, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को लेकर शिलॉन्ग रवाना हुई। कोर्ट से ट्रांजिट कस्टडी लेने के बाद इन्हें इंदौर से ले जाया गया। ये सभी राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे हैं।
सोनम और राज कुशवाह की साजिश, शॉकिंग डिटेल्स
मेघालय पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या उसी की पत्नी सोनम (25) ने करवाई थी। शादी के बाद हनीमून मनाने मेघालय गए रघुवंशी की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) की मदद से तीन सुपारी किलर बुलाकर हत्या कर दी। बताया गया कि वारदात के बाद सोनम इंदौर भी आई थी और 25 से 27 मई के बीच देवास नाका इलाके में किराए के फ्लैट में रुकी थी।
सबूत जुटाने में जुटी पुलिस, आरोपी के कपड़े जब्त
इंदौर के एसीपी पूनमचंद्र यादव ने बताया कि आरोपी विशाल चौहान के घर की तलाशी ली गई, जहां से वो कपड़े बरामद किए गए जो उसने हत्या के समय पहने थे। ये कपड़े अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि खून के निशान आदि की पुष्टि हो सके।
घटना को लेकर लोगों में गुस्सा
युवक द्वारा एयरपोर्ट पर थप्पड़ मारने की घटना से एक बात तो साफ हो गई है कि राजा रघुवंशी मर्डर केस को लेकर आम लोगों में भारी गुस्सा है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि, 'ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।'
राजा रघुवंशी मर्डर केस में अब तक क्या-क्या हुआ?
11 मई: इंदौर में शादी
इंदौर के 29 वर्षीय ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी और 27 वर्षीय सोनम रघुवंशी की शादी इंदौर में धूमधाम से हुई।
20 मई: मेघालय के लिए रवाना
शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों हनीमून मनाने मेघालय के लिए उड़ान भरते हैं।
21 मई: शिलॉन्ग में पहुंचे
राजा और सोनम ने बालाजी गेस्ट हाउस (Balaji Guest House) में चेक-इन किया।
22 मई: सोहरा और नोंग्रियाट की ओर यात्रा
कपल ने Mawlakhiyat पहुंचकर स्कूटी पार्क की और लगभग 3,000 सीढ़ियां उतरकर लिविंग रूट ब्रिज देखने गए। 24 मई को स्कूटी एक कैफे के बाहर लावारिस हालत में मिली, जिससे सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ लेकिन भारी बारिश ने रुकावट डाली।
23 मई: आखिरी बार देखा गया
कपल ने होमस्टे से चेक-आउट किया और बिना किसी गाइड के वापसी की। स्थानीय व्यक्ति अल्बर्ट PDE ने सुबह 10 बजे उन्हें तीन हिंदी बोलने वाले युवकों के साथ देखा। यही आखिरी बार था जब राजा को किसी ने जिंदा देखा।
24 मई: स्कूटी लावारिस हालत में मिली
Sohrarim गांव के मुखिया ने स्कूटी पुलिस को रिपोर्ट की। बाद में पुष्टि हुई कि स्कूटी कपल ने ही किराए पर ली थी।
25 मई: पुलिस ने कपल से स्कूटी कनेक्शन की पुष्टि की
तलाश तेज कर दी गई लेकिन कपल का कोई सुराग नहीं मिला।
2 जून: राजा का शव बरामद
Wei Sawdong Falls के पास एक गहरे गॉर्ज से राजा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पास में एक चाकू और मोबाइल फोन मिला। कुछ किलोमीटर दूर एक खून से सना रेनकोट भी मिला।
3-7 जून: सुराग मिलने लगे
CCTV फुटेज और अल्बर्ट PDE की गवाही ने घटना की टाइमलाइन स्पष्ट की। पता चला कि राजा और सोनम को आखिरी बार 23 मई को तीन अनजान युवकों के साथ देखा गया था।
4 जून: राजा का शव इंदौर लाया गया
शाम 5:30 बजे राजा का शव उनके सहकार नगर स्थित घर लाया गया। घर के बाहर एक CBI जांच की मांग करता बैनर भी लगाया गया।
9 जून: सोनम और तीन आरोपी गिरफ्तार
मेघालय DGP I. नोंग्रांग ने पुष्टि की कि सोनम ने गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) में सरेंडर किया। राज कुशवाह, विशाल चौहान और आकाश राजपूत को रातभर की छापेमारी में गिरफ्तार किया गया।
10 जून: राजा रघुवंशी मर्डर केस में बड़ा खुलासा
10 जून को राजा रघुवंशी मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ। शूटरों ने इंदौर क्राइम ब्रांच के सामने हत्या की साजिश कबूल कर ली और बताया गया कि सोनम वारदात के वक्त मौके पर मौजूद थी। पुलिस ने क्राइम सीन रीक्रिएट करने और आरोपियों के ठिकानों की शिनाख्त कराने की तैयारी शुरू की।
ये भी पढ़ें- MP News: मेघालय हनीमून केस में नया मोड़: "वो ये नहीं कर सकती" - सोनम-राज की दोस्ती का खुलासा, नया अपडेट












Click it and Unblock the Notifications