'धनुष किसने तोड़ा बताओ...' बोलते-बोलते अचानक जमीन पर जा गिरे 'परशुराम', मौत की खबर से सदमे में परिजन
रामलीला मैदान में अभिनय कर रहे एक शख्स की सेट पर ही दुखद मौत का मामला सामने आया है। शख्स लीला में परशुराम का किरदार निभा रहा था। भगवान परशुराम का किरदार निभा रहा शख्स जैसे ही अपना डायलॉग बोलने लगा, अचानक जमीन पर जा गिरा और बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मामला है झारखंड की राजधानी रांची का, जहां 40 वर्षीय विनोद प्रजापति परशुराम का किरदार निभा रहे थे। रामलीला में सीता स्वयंवर का प्रसंग चल रहा था। विनोद प्रजापति, जो कि भगवान परशुराम का किरदार निभा रहे थे चिल्लाते हुए कहते हैं कि धनुष को किसने तोड़ा? धनुष को किसने तोड़ा जल्दी जल्दी बताओ। बस इतना कहने के बाद वे अचानक जमीन पर गिर पड़े।

प्रजापति के बेहोश होकर जमीन में गिरने के बाद मंच के पर्दे को बंद कर दिया गया। इसके बाद शो के आयोजकों और साथ में काम कर रहे अन्य लोगों को लगा कि वे ऐसे ही बेहोश होकर नीचे गिरे हैं। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि परशुराम का किरदार निभा रहे प्रजापति अब इस दुनिया में नहीं रहे। इसके बाद जब जल्दी में उन्हें पास के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया तो डॉक्टरों ने प्रजापति को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विनोद की मौत का कारण हार्ट अटैक है। इसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यूं अचानक अभिनय करते हुए विनोद का चला जाना हर किसी को गमगीन कर गया है।
बताते चलें कि विनोद एक समाज सेवक थे और वे सालों से रामलीला में भगवान परशुराम का किरदार निभाते आ रहे थे। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के पंचायत अध्यक्ष भी थे। उनके यूं अचानक चले जाने से साथ में काम करने वाले और उनके परिजन सदमे में हैं।












Click it and Unblock the Notifications