Bengal Election: 'सिर्फ नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगीं ममता बनर्जी', कुछ करीबियों ने किया दावा
West Bengal Assembly Elections 2021: पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। इससे पहले ही टीएमसी के कई बड़े नेता बागी होकर बीजेपी में शामिल हो गए। पिछले महीने ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, जिसके बाद से बंगाल के राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं। कुछ राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना था कि नंदीग्राम के अलावा भी ममता किसी सुरक्षित विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी, लेकिन अब टीएमसी के कुछ बड़े नेताओं ने इस बात को खारिज कर दिया है।

इंडिया टुडे ने टीएमसी के टॉप सूत्रों के हवाले से बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सिर्फ नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगीं। इस वजह से पार्टी ने कोलकाता की भवानीपुर सीट से उम्मीदवार के नाम तय कर लिए हैं, लेकिन फिलहाल अभी उसकी घोषणा नहीं की है। भवानीपुर ममता बनर्जी की पारंपरिक सीट है। 2011 के उपचुनाव में ममता बनर्जी ने वहां पर 54213 वोटों से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2016 में भी उन्होंने यहीं से चुनाव लड़ा, लेकिन पिछले महीने उन्होंने खुद नंदीग्राम से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।
रैली में कही थी ये बात?
18 जनवरी को रैली के दौरान सीएम ममता ने कहा कि अगर मैं खुद नंदीग्राम से चुनाव लड़ूं तो कैसा रहेगा? ये मेरी इच्छा है। वैसे मैं चुनाव में ज्यादा वक्त नहीं दे पाऊंगी क्योंकि मुझे 294 अन्य सीटों पर भी ध्यान देना है। इस वजह से चुनाव में आप सभी को काम करना पड़ेगा, फिर जीत के बाद मैं नंदीग्राम के लिए काम करूंगी। उन्होंने आगे कहा कि मैंने बंगाल टीएममी प्रमुख सुब्रत बख्शी से अनुरोध किया है कि वो मेरा नाम नंदीग्राम के लिए रखें, जबकि भवानीपुर से मैं दूसरा अच्छा उम्मीदवार दूंगी।
शुभेंदु ने दिया ये चैलेंज
सबसे पहले ममता के मंत्री शुभेंदु अधिकारी बागी हुए थे और वो बीजेपी में शामिल हो गए। शुभेंदु लगातार खुले मंच से ममता को चुनौती दे रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक ममता बनर्जी ने शुभेंदु को उनके गढ़ नंदीग्राम में घेरने का प्लान बनाया है। वहीं दूसरी ओर शुभेंदु अधिकारी ने चैलेंज किया है कि अगर ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनावी मैदान में उतरीं तो वो उन्हें कम से कम 50 हजार वोटों से हराएंगे।












Click it and Unblock the Notifications