पीएम कैंडीडेट का अभी ऐलान किया तो गठबंधन में पड़ सकती है फूट: ममता बनर्जी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता और जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला के साथ मुलाकात की। बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए दोनों ने एक दूसरे की तारीफ की। दोनों ने कहा कि 2019 में बीजेपी को हराने के लिए समान विचारधारा वाले पक्षों को एक साथ आना चाहिए। ममता बनर्जी ने बीजेपी से मुकाबला करने के लिए विपक्षी पार्टियों से त्याग करने की अपील की है। ममता ने कहा, अगले लोकसभा चुनाव के लिए बन रहे संभावित गठबंधन से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम अभी तय नहीं किया जाना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो क्षेत्रीय पार्टियों की एकता विभाजित हो जाएगी।

जब अब्दुल्ला से यह पूछा गया कि फेडरल फ्रंट की ओर से पीएम पद का दावेदार कौन होगा? अब्दुल्ला ने कहा कि हमें अभी इस बारे में बात नहीं करनी चाहिए क्योंकि लोकसभा चुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। एकजुट विपक्ष के महागठबंधन की तरफ से बनर्जी प्रधानमंत्री का चेहरा होंगी इसपर अब्दुल्ला ने कहा कि अभी यह बताना जल्दी होगा, लेकिन वह दीदी को दिल्ली ले जाने के लिए कोलकाता आए हैं।
उमर ने कहा, इस समय विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुनना जल्दबाजी होगी। हमारा मकसद है कि सभी क्षेत्रीय पार्टियां साथ आएं और भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें। इसके बाद नाम तय कर लेंगे।उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ममता दीदी हमेशा से कश्मीर को लेकर चिंतित रही हैं। हमने मेरे राज्य की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। हमने देश में वर्तमान स्थिति और अल्पसंख्यकों में प्रबल होते डर के बारे में चर्चा की।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री अगले आम चुनाव में भाजपा को हराने के लिए क्षेत्रीय दलों के फेडरल फ्रंट को एक साथ जोड़ने की कोशिश कर रही हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कोलकाता में जनवरी में होने वाली फेडरल फ्रंट रैली में विपक्षी नेताओं को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करने के लिए वह अगले हफ्ते तीन दिनों तक दिल्ली आ सकती हैं। ममता ने कहा कि, ने कहा कि पार्टियों की अपनी कुछ मजबूरियां हो सकती हैं, लेकिन केंद्र सरकार और सरकार में शामिल पार्टियों का व्यवहार बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। वे मिलकर विपक्ष को धमका रहे हैं। केंद्र सरकार देश में तानाशाही शासन चला रही है।












Click it and Unblock the Notifications