'BSF कर रही घुसपैठियों की बंगाल में घुसने में मदद', Mamata Banerjee ने किया बड़ा दावा
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) पर बड़ा आरोप लगाया है। ममता ने कहा कि बंगाल को अस्थिर करने के लिए बीएसएफ 'घुसपैठियों' को भारत में प्रवेश करने में मदद कर रही है।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ममता बनर्जी ने कहा,'हम चाहते हैं कि वहां भी शांति बनी रहे और यहां भी... यह (घुसपैठ) BSF का बहुत ही आंतरिक काम है, इसमें केंद्र सरकार का भी एक ब्लू प्रिंट है, अगर केंद्र सरकार का ब्लू प्रिंट नहीं होता तो ऐसा नहीं होता।'

इस दौरान ममता बनर्जी ने दावा किया कि अवैध घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल में धकेला जा रहा है, और इसके लिए तृणमूल कांग्रेस को गलत तरीके से दोषी ठहराया जा रहा है। ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,'लोग बीएसएफ इस्लामपुर, सीताई, चोपड़ा के रास्ते से घुस रहे हैं, हमारे पास खबर है।'
उन्होंने आगे कहा कि आप विरोध क्यों नहीं कर रहे हैं? सीमा बीएसएफ के हाथ में है। अगर किसी को लगता है कि वे बंगाल में घुसपैठ कर रहे हैं और तृणमूल को बदनाम कर रहे हैं, तो उन्हें चेतावनी दी जानी चाहिए कि तृणमूल कांग्रेस ये काम नहीं करती है। बीएसएफ के गलत कामों का समर्थन करके तृणमूल को गाली न दें।'
इस दौरान ममता बनर्जी ने बीएसएफ के डीजी राजीव कुमार से अर्धसैनिक बल के खिलाफ इन आरोपों की जांच करने का आग्रह किया। वहीं, अब ममता बनर्जी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जवाब दिया है। भाजपा नेता अनिरबन गांगुली ने कहा, 'ममता बनर्जी एकमात्र नेता हैं जिन्होंने बीएसएफ की आलोचना की है और उसे गाली दी है।'
अनिरबन गांगुली ने आगे कहा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के साथ समस्या यह है कि बीएसएफ ने ड्रग्स और मानव और मवेशी तस्करी से जुड़े नापाक नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की है, जो इस नेटवर्क के कुछ सरगना हैं। हम उन्हें बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए बीएसएफ के साथ सहयोग करने की सलाह देंगे।
आपको बता दें कि पिछले साल अगस्त में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद से भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों में तनाव है। भारत ने मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले रोकने को कहा है।
ये भी पढ़ें: 'साधारण नहीं है ममता बनर्जी की कहानी', एडीआर की रिपोर्ट पर बोले TMC सांसद डेरेक ओ'ब्रायन












Click it and Unblock the Notifications