रॉबर्ट वाड्रा के समर्थन में उतरीं ममता बनर्जी, कहा- जानबूझकर परेशान कर रही है मोदी सरकार
नई दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक केस में रॉबर्ट वाड्रा से प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को करीब 5 घंटे पूछताछ की थी। इस पूछताछ को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने कहा कि पूरा विपक्ष रॉबर्ट वाड्रा के साथ खड़ा है। ममता बनर्जी ने कहा कि सभी को बिना वजह नोटिस भेजा जा रहा है, किसी के खिलाफ कोई गंभीर मामला नहीं है। इसलिए पूरा विपक्ष एकजुट है और एक साथ खड़ा है।

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनावों से पहले ये जानबूझकर कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि हम इसके खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे। ममता बनर्जी ने कहा है कि वे अगले हफ्ते बुधवार और गुरुवार को दिल्ली में रहेंगी जहां विपक्षी दलों के साथ आगे की रणनीति बनाई जाएगी। बता दें कि विदेश में कथित तौर पर अवैध संपत्ति रखने के सिलसिले में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने वाड्रा से पूछताछ की थी।
वाड्रा से ये पूछताछ करीब 5 घंटे तक चली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान वाड्रा को 2 दर्जन से ज्यादा सवालों का सामना करना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक, रॉबर्ट वाड्रा ने लंदन में प्रॉपर्टी से इंकार किया है। उन्होंने संजय भंडारी को पहचानने से इंकार कर दिया। वाड्रा ने संजय भंडारी और उनके चचेरे भाई शिखर चड्ढा के साथ किसी भी तरह के व्यापारिक संबंध से पूरी तरह से इंकार किया है।
बता दें कि इससे पहले रॉबर्ट वाड्रा अपनी पत्नी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ ईडी के दफ्तर पहुंचें थे, लेकिन प्रियंका गेट से ही लौट गईं। ईडी की एक टीम ने वाड्रा का बयान दर्ज किया। वाड्रा से पूछताछ करने वाली टीम में ईडी के जॉइंट डायरेक्टर, डेप्युटी डायरेक्टर समेत 5 अन्य अधिकारी शामिल हैं। इससे पहले, दिल्ली की एक अदालत ने वाड्रा की अग्रिम जमानत याचिका पर उन्हें राहत देते हुए मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनकी गिरफ्तारी पर 16 फरवरी तक के लिए रोक लगा दी थी।












Click it and Unblock the Notifications