ममता बनर्जी का शाह पर हमला, आप भाजपा नेता के साथ गृहमंत्री भी, देश को मत जलाओ
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि नागरिकता कानून के खिलाफ देश में आग लगी है लेकिन अमित शाह इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कोलकाता में बनर्जी ने कहा कि अमित शाह सिर्फ भाजपा के नेता नहीं देश के गृहमंत्री भी हैं। उन्हें सोचना चाहिए कि इससे कुछ हासिल नहीं होगा, देश में शान्ति के लिए उन्हें कोशिश करनी चाहिए। बनर्जी ने कहा कि देश में आग लगी है लेकिन अमित शाह कहते हैं कि नागरिकता कानून तो लागू होकर रहेगा। आखिर कितनी जेल, कितने डिटेंशन कैंप बनाओगे, क्यों देश को जला रहे हो।
Recommended Video

टीएमसी प्रमुख ने शाह के लिए कहा, आपने सबका साथ सबका विकास नहीं बल्कि सबके साथ सर्वनाश किया है। आपसे कहना चाहती हूं कि एनआरसी और नागरिकता कानून को वापस ले लीजिए और नहीं लेते तो मैं भी देखती हूं कि पश्चिम बंगाल में कौन इस कानूनों को लागू करता है। बनर्जी ने कहा कि भाजपा देश में सांप्रदायिक दंगे कराना चाहती है, बंगाल में हम उनको कामयाब नहीं होने देंगे।
इससे पहले टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान को लेकर भी निशाना साध चुकी हैं, जिसमें उन्होंने नागिरता कानून के विरोध में शामिल लोगों को कपड़ों से पहचान लेने की बात कही थी। ममता बनर्जी ने इस पर कहा है, पूरा देश जल रहा है और वे लोग कपड़ों के बारे में बात कर रहे हैं, जो आपने पहन रखे हैं। क्या आप मुझे और मेरे कपड़े देखकर बता सकते हैं कि मैं कौन हूं।
बता दें कि ममता बनर्जी विवादित नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर केंद्र पर बेहद हमलावर हैं। बनर्जी कह चुकी हैं कि वो किसी कीमत पर नागरिकता कानून और एनआरसी को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं होने देंगी। वो यहां तक कह चुकी हैं कि केंद्र चाहे तो टीएमसी सरकार को बर्खास्त कर दे लेकिन पश्चिम बंगाल में सीएए और एनआरसी को लागू नहीं होने दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications