कर्नाटक के मंत्री ने PM मोदी को लिखा पत्र- बेंगलुरु को बनाया जाए भारत की दूसरी राजधानी
नई दिल्ली। कर्नाटक में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच कर्नाटक की राजधानी बेंगलूरु को भारत की दूसरी राजधानी बनाए जाने की मांग उठ गई है। कर्नाटक के कांग्रेस सरकार में मंत्री आरवी देशपांडे ने इस मामले को उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा है। आरवी देशपांडे ने अपने पत्र में पीएम मोदी से बेंगलुरु को भारत की दूसरी राजधानी बनाए जाने की मांग पर विचार करने को कहा है। आरवी देशपांडे, कर्नाटक सरकार में मध्यम और भारी उद्योग मंत्री हैं।

कर्नाटक के सीएम के खिलाफ FIR
इससे पहले आज कर्नाटक में भाजपा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ 'भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक बयान देने के लिए आईपीसी की आपराधिक धाराओं के अतंर्गत' एफआईआर दर्ज कराया। इस एफआईआर में भाजपा ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश राव को भी आरोपी बनाया है।

सिद्धारमैया के इस बयान पर दर्ज हुआ FIR
दरअसल, सिद्धारमैया ने एक दिन पहले एक बयान में कहा था कि आरएसएस और बीजेपी खुद अपने आप में आतंकी हैं। मैसूर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिद्धरमैया ने कहा-मैंने उन्हें 'हिंदुत्व आतंकी' कहा था। मैं भी एक हिंदू हूं लेकिन मैं मानवता में यकीन रखने वाला हिंदू हूं और वे मानवतारहित हिंदू हैं। यही हमारे और उनके बीच का अंतर है। सिद्धारमैया के इस बयान के बाद से ही भाजपा उनपर हमलावर है लेकिन सिद्धारमैया ने यह बयान अनायास ही नहीं दिया था। बल्कि उन्होंने यह बयान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बयान के जवाब में दिया था।

अमित शाह ने दिया था ये बयान
बुधवार को ये तकरार उस बयान से शुरू हुई जिसमें बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक में चुनाव पूर्व एक रैली में सिद्धरमैया सरकार को हिंदू विरोधी करार दिया था। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि कर्नाटक सरकार बीजेपी-आरएसएस और उनके समर्थक संगठनों के कार्यकर्ताओं की हत्या को रोकने में नाकाम साबित हुई है। अमित शाह ने कहा कि पिछले तीन साल में बीजेपी के 21 कार्यकर्ता मारे गए हैं और सरकार ने इनकी जांच तक नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार आते ही सभी दोषियों को जेल में डाला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications