मेजर जनरल हर्ष कक्कर बोले- हां राष्ट्रपति को लिखी है चिट्ठी, सेना के नाम पर मांगे जा रहे वोट
नई दिल्ली। मेजर जनरल हर्ष कक्कर ने कहा है कि सेना के राजनीतिक इस्तेमाल के खिलाफ राष्ट्रपति को लिखे पत्र में उनके भी हस्ताक्षर हैं। कक्कर ने कहा कि मेरी इस चिट्ठी को सपोर्ट भी है और मैंने उस पर साइन भी किए हैं। राजनीतिक दल सेना के नाम पर वोट मांग रहे हैं और हम इसके खिलाफ हैं। सैन्य बल किसी राजनीतिक दल, या नेता से जुड़े नहीं हैं, फौज तो देश की है।

मेजर जनरल हर्ष कक्कर ने कहा है कि ये कोई एक दल का मसला नहीं है, हर राजनीतिक दल सेना का इस्तेमाल कर वोट मांग रहा है। इसमें योगी आदित्यनाथ, केजरीवाल, उर्मिला, कुमार स्वामी, फारूक अब्दल्ला जैसे लोग हैं।
बता दें कि एक चिट्ठी सामने आई है जो चुनाव प्रचार के दौरान सेना और सैनिकों की वर्दी का इस्तेमाल करने पर 156 सैन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को लिखी है। चिट्ठी लिखने वालों में आर्मी, नेवी और एयरफोर्स के पूर्व प्रमुख भी शामिल हैं। इस चिट्ठी में नेताओं के सेना को लेकर दिए गए अलग-अलग बयानों का जिक्र किया गया है। पत्र राष्ट्रपति के साथ-साथ चुनाव आयोग को भी भेजा गया है।
राष्ट्रपति भवन ने ऐसी किसी भी चिट्ठी के मिलने से इनकार कर दिया है, तो कुछ अफसरों ने भी ऐसी चिट्ठी लिखने से इनकार करते हुए कहा है कि वो नहीं जानते उनका नाम कैसे चिट्ठी में आया। पूर्व जनरल एसएफ रॉड्रिग्ज और पूर्व वॉइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल एमएल नायडू ने कहा है कि उन्होंने ऐसा कोई लेटर नहीं लिखा है। वहीं कई अधिकारियों ने चिट्ठी लिखने की बात कबूली है। जनरल शंकर रॉय चौधरी ने चिट्ठी की बात कबूलते हुए कहा कि सेना की छवि खराब करने की कोशिश हो रही है और सियासी फायदा उठाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications