उद्धव कैबिनेट के विस्तार में परिवारवाद हावी, मंत्रिमंडल में शामिल हुए ये चेहरे
मुंबई। महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे की सरकार के पहले कैबिनेट विस्तार में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के 36 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। एनसीपी नेता अजित पवार के साथ-साथ सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना के विधायक आदित्य ठाकरे को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है। वर्ली विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनकर आए आदित्य ठाकरे के अलावा कई राजनीतिक परिवारों से आने वाले नेताओं को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है।
Recommended Video

शरद पवार के भतीजे अजित पवार बने डिप्टी सीएम
उद्धव कैबिनेट के पहले विस्तार में परिवारवाद का बोलबाला रहा। सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य को कैबिनेट में जगह दिए जाने पर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं तो इस कड़ी में कुछ और नाम थे, जिनको कैबिनेट में शामिल किया गया। एनसीपी प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने सोमवार को शपथ ली, वे राज्य के डिप्टी सीएम होंगे। 80 घंटे वाली फडणवीस सरकार में भी अजित पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी।

विलासराव देशमुख के बेटे को भी मंत्रिमंडल में जगह
महाराष्ट्र कांग्रेस में बड़ा कद रखने वाले शंकरराव चव्हाण के पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण भी उद्धव सरकार में मंत्री बने हैं। गोपीनाथ मुंडे के भतीजे धनंजय मुंडे को भी मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिली है। धनंजय मुंडे ने अपनी चचेरी बहन पंकजा मुंडे को विधानसभा चुनाव में हराया था। पूर्व सीएम विलासराव देशमुख के बेटे और तीन बार कि विधायक अमित देशमुख को भी उद्धव कैबिनेट में जगह दी गई है।

वर्षा गायकवाड ने भी ली मंत्री पद की शपथ
एनसीपी विधायक अदिति तटकरे ने भी राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे एनसीपी सांसद सुनील तटकरे की बेटी हैं जो पहले सिंचाई और वित्त मंत्री भी रह चुके हैं। वहीं, कांग्रेस नेता विश्वजीत कदम को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है। वे पार्टी के दिवंगत नेता पतंगराव कदम के बेटे हैं। साथ ही शेतकरी पक्ष के नेता शंकरराव गदख ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे पूर्व एनसीपी नेता यशवंतराव गदख के बेटे हैं। इसी तरह एकनाथ गायकवाड की बेटी वर्षा गायकवाड को भी उद्धव कैबिनेट में जगह मिली है।












Click it and Unblock the Notifications