रत्नागिरी में डैम टूटने से 6 की मौत, कई लोग लापता, 12 घर बहे
Recommended Video
मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से कई लोगों की जान चली गई है। रत्नागिरी में तिवारी डैम के टूट जाने से 6 लोगों की मौत हो गई, इनके शव को एनडीआरएफ की टीम ने बाहर निकाला है। इस हादसे में अभी भी 22-24 लोगों के लापता होने की खबर है। डैम के टूटने की वजह से तकरीबन 12 घर पानी में बह गए हैं। स्थानी प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवी मौके पर राहत और बचाव के कार्य में जुटे हैं। बता दें कि मंगलवार को मुंबई में बड़ा हादसा सामने आया था, जहां एक बिल्डिंग की दीवार गिर जाने से दर्जनों लोगों की मौत हो गई थी।

बता दें कि महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से तकरीबन 36 लोगों की मौत हो चुकी है, लोगों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मुंबई के दीवार गिरने से 24 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा अलग-अलग हिस्सों में जलभराव देखने को मिल रहा है, जिसकी वजह से स्थानीय प्रशासन ने मंगलवार को अवकाश की घोषणा की थी।
मुंबई में 24 घंटे के अंदर हुई 2005 के बाद की सबसे भारी बारिश है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए बारिश के अलर्ट को शुक्रवार तक बढ़ा दिया है। अगले 24 घंटों के लिए भी मुंबई में भारी से लेकर काफी भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई और उसके पड़ोसी शहर ठाणे में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक ट्वीट में कहा है, "आज भी मुंबई में IMD की भारी बारिश की भविष्यवाणी के चलते लोगों को यह सलाह दी गई है कि वे जब तक बहुत ज्यादा जरूरत न हो, घर से बाहर न निकलें।"












Click it and Unblock the Notifications