Maharashtra government formation: बीजेपी को बहुमत मिलना मतलब भैंसे से दूध दुहने जैसा: Saamana
मुंबई। महाराष्ट्र में सियासी घटनाक्रम हर घड़ी बड़ी तेजी से बदल रहे हैं, शिवसेना की ओर से लगातार भाजपा पर तीखे प्रहार जारी है, पार्टी ने अपने मुख पत्र सामना में लिखा है कि बीजेपी सत्ता पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है लेकिन विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा वो नहीं छू पाएगी, शिवसेना ने बीजेपी पर आचार और नीति को ताक पर रखने का आरोप लगाया है।

शिवसेना ने किया बीजेपी पर तीखा प्रहार
शिवसेना ने अपने मुख पत्र 'सामना' में लिखा है कि बीजेपी सत्ता पाने के लिए हर तरह का दांव दिखा रहा ही, वो लोगों को ईडी के नाम पर डरा रही है, लोगों के अंदर खौफ पैदा कर रही है लेकिन इन सब के बावजूद वो विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पाएगी।

बीजेपी को बहुमत मिलना मतलब भैंसे से दूध दुहने जैसा..
'सामना' में लिखा कि अब बीजेपी को बहुमत मिलना मतलब भैंसे से दूध दुहने जैसा है, अजीत पवार के रूप में उन्होंने एक भैंसे को अपने बाड़े में लाकर बांध दिया है और भैंसे से दूध दुहने के लिए ऑपरेशन कमल योजना बनाई है, जिसका नैतिकता से कुछ भी लेना-देना नहीं है, महाराष्ट्र में जो कुछ हो रहा है उसे नाटक कहना रंगमंच का अपमान है।

अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार के पीठ में छूरा भोंका
इससे पहले भी शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा था, उन्होंने कहा था कि अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार के पीठ में छूरा भोंका है और यही नहीं उन्होंने महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार गठन को एक्सीडेंटल शपथ ग्रहण और बीजेपी को पॉकेटमार बताया था। एक निजी चैनल के साथ बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि फडणवीस ने शपथ ग्रहण नहीं अपराध वाला काम किया है। उन्होंने कहा कि ये चोरी है, जिसे पिक पॉकेटिंग कहा जाता है।

अजित पवार कोई बड़े नेता नहीं हैं: राउत
उन्होंने बीजेपी को सरकार बनाने में मदद करने वाले अजित पवार को लेकर कहा कि अजित पवार कोई बड़े नेता नहीं हैं, वे शरद पवार की छाया में पले-बढ़े हैं। राउत ने कहा कि अजित पवार को जेल भेजने के बहाने जनता से वोट मांगा था। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब आर्थर रोड जेल में अजित का दफ्तर होगा। उन्होंने कहा कि देश में हर दिन काला दिन हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगर राज्यपाल हमें आज बुला लें तो 10 मिनट में बहुमत साबित कर देंगे। उन्होंने कहा कि हम पूरे विधायकों के साथ परेड करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग राजभवन में बैठते हैं वो दिल्ली के आदेश का पालन करते है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से क्या न्याय की उम्मीद करें।












Click it and Unblock the Notifications