Maharashtra Election Results 2019: किंगमेकर बनी शिवसेना लेकिन नहीं बचा सकी अपना 'घर'
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना का गठबंधन सरकार बनाने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने 158 सीटों पर बढ़त बनाते हुए सरकार बनाने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। इनमें बीजेपी 100 तो शिवसेना 58 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन 107 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है लेकिन बहुमत से आंकड़े से काफी दूर है। हालांकि, इन नतीजों के बीच शिवसेना को अपने 'घर' में ही शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है।

बांद्रा ईस्ट से हार का सामना करना पड़ा
शिवसेना को इस चुनाव में बांद्रा ईस्ट से हार का सामना करना पड़ा। इसी इलाके में ठाकरे परिवार का घर मातोश्री है। यहां से शिवसेना उम्मीदवार और मुंबई के मेयर विश्वनाथ महादेश्वर कांग्रेस के जीशान सिद्दीकी से हार गए। शिवसेना ने चुनावों से ठीक पहले विधायक तृप्ति सावंत को पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ बगावत करने के कारण निकाल दिया था। अब चुनाव में हार का ठीकरा शिवसेना के बागी विधायक पर ही फोड़ा जा रहा है।

इसी इलाके में है ठाकरे परिवार का घर मातोश्री
जीशान सिद्दीकी ने शिवसेना उम्मीदवार को 5,790 वोटों के अंतर से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार को 38,337 वोट मिले जबकि शिवसेना के उम्मीदवार विश्वनाथ महादेश्वर को 32,547 वोट हासिल हुए। हालांकि, पहली बार चुनाव में उतरे शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। वर्ली सीट पर आदित्य ठाकरे की जीत से शिवसेना उत्साहित है, इस बीच पार्टी की ओर से सीएम पद की डिमांड भी हो रही है।

शिवसेना कर रही है सीएम पद की मांग
वहीं, चुनाव नतीजों के बीच शिवसेना नेता संजय राउत से जब शुरुआती आंकड़ों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि नंबर इतने बुरे भी नहीं हैं। भाजपा के सीटों की संख्या घटने पर संजय राउत ने कहा कि ठीक है ऐसा होता है कभी कभी। वहीं, भाजपा-शिवसेना के बीच गठबंधन के सवाल पर राउत ने कहा कि हम निसंदेह गठबंधन में रहेंगे। साथ ही संजय राउत ने 50-50 की बात कही है, उन्होंने कहा कि 50-50 का फॉर्मूला तय हुआ है और बरकरार रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications