देवेंद्र फडणवीस का शिवसेना को जवाब, कहा- देश को लूटने से बचाने के लिए गठबंधन चाहते हैं
मुंबई। शिवसेना की ओर से आज दिए बयान पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जवाब दिया है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि भाजपा असहाय नहीं हैं, हां हम राष्ट्र के विकास के लिए गठबंधन चाहते हैं। लंबे समय तक देश को लूटने वालों लोगों के हाथों में देश को नहीं जाने देना चाहते। हम गठबंधन में आने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन हम असहाय नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी वो पार्टी है जो 2 से 200 तक पहुंच गई।

बता दें कि शिवसेना ने सोमवार को महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर कयासों के बीच मुंबई में हुई पार्टी की मीटिंग के बाद शिवसेना नेता और सांसद संजय राउत ने कहा है कि हम महाराष्ट्र में बिग ब्रदर हैं, हम बिग ब्रदर थे और बिग ब्रदर रहेंगे। बता दें कि सोमवार सुबह बीजेपी और शिवसेना के बीच सीटों के बंटवारे की खबर सामने आई थी। बैठक खत्म होने के बाद संजय राउत ने कहा कि हमने महाराष्ट्र में सूखे और राफेल के मुद्दे पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे जी ने गरीब सवर्णों को दिए जाने वाले 10 फीसदी आरक्षण में से 8 लाख रुपए सलाना आय के कोटे का जिक्र करते हुए कहा है कि उन्हें इनकम टैक्स से राहत मिलनी चाहिए क्योंकि सरकार ने उन्हें गरीब बता दिया है।
बता दें कि शिवसेना और बीजेपी के बीच मनमुटाव पिछले कई महीनों से देखने को मिल रहा है। दोनों ही पार्टी के नेता भी एक दूसरे पर हमला बोलते नजर आते रहते हैं। लंबे समय से बीजेपी के साथ रही शिवसेना ने महाराष्ट्र के पिछले विधानसभा चुनाव और मुंबई के नगर निकाय चुनाव में अलग-अलग लड़ा था। हालांकि बाद में राज्य में गठबंधन में ही सरकार बनी थी। लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों पार्टियों के बीच अनबन देखने को मिली है। यहां तक की राफेल विमान सौदे पर भी शिवसेना ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाए थे। इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने मुंबई में कार्यकर्ताओं से अलग चुनाव लड़ने के लिए तैयार होने को कहा था।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी के हाथ में कटोरा दिखाने पर MDMK नेता गिरफ्तार, बीजेपी कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने उठाया कदम












Click it and Unblock the Notifications