'महाभारत' के इस सीन में दिखा फैंस को कूलर तो सोशल मीडिया पर आई मजेदार मीम्स की बाढ़
नई दिल्ली। लॉकडाउन के दौरान पुराने सीरियल्स शुरू किए गए हैं। इनमें 'रामायण' और 'महाभारत' ने एक बार फिर से सफलता का परचम लहरा दिया है,लोग एक ओर तो इन शोज की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर इस शोज के कुछ सींस पर काफी मजे भी ले रहे हैं, इस वक्त सोशल मीडिया पर 'महाभारत' के उस सीन की जबरदस्त चर्चा है, जिसमें लोगों को शो में कूलर दिख गया, जो कि असल में कूलर नहीं पिलर है, जिसका डिजाइन कूलर जैसा है, बस फिर क्या था सोशल मीडिया पर इस सीन पर जमकर मजे लिए जाने लगे।
लोगों को भीष्म पितामह के बगल में दिखा कूलर
इस वक्त ट्विटर पर कमेंट्स की सुनामी आई हुई है, इसका स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों ने इस पर फनी रिऐक्शंस दिए हैं। आपको बता दें कि महाभारत के पुन: प्रसारण पर शो में भीष्म पितामह का रोल निभाने वाले मुकेश खन्ना ने कहा था कि मुझे लगता है कि इन धारावाहिकों का फिर से प्रसारण उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्होंने इसे नहीं देखा है।
'आज की पीढ़ी महाभारत और रामायण को पढ़ ही नहीं रही'
मुकेश खन्ना ने कहा, आज की पीढ़ी 'महाभारत' और 'रामायण' को पढ़ ही नहीं रही है तो इसके बारे में जानेंगी कैसे। आज के युवा दूसरी चीजों में ज्यादा उलझी हुई है। आज कल लोग टिकटॉक वीडियो ज्यादा बना रहे हैं। आज की पीढ़ी भारतीय संस्कारों से भटक गई है।
'डेली सोप्स ने लोगों के दिमाग को प्रदूषित कर दिया है'
खन्ना ने कहा कि आज के डेली सोप्स ने लोगों के दिमाग को प्रदूषित कर दिया है और अब समय है उसे सैनिटाइज करने का। मुझे नहीं लगता है कि डेली सोप्स में जैसी महिलाओं को दिखाया जा रहा है, वो हमारे देश की हैं।
'रामायण' और 'महाभारत' ने फिर से रचा सफलता का इतिहास
मुकेश खन्ना ने बताया था कि उन्हें 'रामायण' पहले पसंद नहीं आया था लेकिन अब दोबारा देखने पर अच्छा लग रहा है। मुझे 'महाभारत' देखना पसंद है, क्योंकि उसमें एक गति है। बता दें कि इस वक्त 'रामायण' और 'महाभारत' टीवी पर सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शोज बन चुके हैं। 'महाभारत' के अलावा, 90 के दशक के सीरियल्स 'शक्तिमान', 'ब्योमकेश बख्शी', 'देख भाई देख' और 'साराभाई वर्सस साराभाई' भी टीवी पर वापसी कर चुके हैं।
यह पढ़ें: Covid19: महाभारत के 'कृष्ण' ने कहा-कोरोना के दौर में Mahabharat देखना बेहद जरूरी