MP Tourism: मध्यप्रदेश में टूटा पर्यटन का रिकॉर्ड, 2025 में पहुंचे 21 करोड़ से ज्यादा सैलानी; उज्जैन सबसे आगे
2025 में, मध्य प्रदेश ने 2024 के 134.110 मिलियन से बढ़कर 210.542 मिलियन पर्यटक यात्राओं का एक ऐतिहासिक आंकड़ा दर्ज किया। घरेलू पर्यटकों की संख्या 210.359 मिलियन रही, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या 183,035 रही। रिपोर्ट में प्रमुख स्थलों, आध्यात्मिक और विरासत पर्यटन में वृद्धि, और होम-स्टे और एस्ट्रो-टूरिज्म पहलों के विस्तार पर प्रकाश डाला गया है।
भोपाल: मध्यप्रदेश ने पर्यटन के क्षेत्र में वर्ष 2025 में नया रिकॉर्ड कायम किया है। प्रदेश में पूरे साल 21 करोड़ 5 लाख 42 हजार 503 पर्यटकों का आगमन हुआ। यह संख्या वर्ष 2024 में दर्ज 13 करोड़ 41 लाख 10 हजार 274 पर्यटकों के मुकाबले करीब 57 प्रतिशत अधिक है। पर्यटन विभाग के अनुसार, घरेलू पर्यटकों के साथ विदेशी सैलानियों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश आने वाले पर्यटकों में 21 करोड़ 3 लाख 59 हजार 468 घरेलू पर्यटक रहे, जबकि 1 लाख 83 हजार 35 विदेशी पर्यटकों ने प्रदेश का दौरा किया। विदेशी पर्यटकों की संख्या 2024 के 1 लाख 67 हजार 709 के मुकाबले 9.10 प्रतिशत अधिक रही।
वर्ष 2025 में पर्यटन के लिहाज से उज्जैन प्रदेश का सबसे लोकप्रिय गंतव्य रहा। यहां 8 करोड़ 40 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे। श्री महाकाल महालोक और ज्योतिर्लिंग उज्जैन के प्रमुख आकर्षण रहे।
इसके बाद इंदौर में 2 करोड़ 80 लाख 70 हजार 73 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया। सतना जिले के चित्रकूट में 1 करोड़ 62 लाख 59 हजार 837 और मैहर में करीब 1 करोड़ 61 लाख 78 हजार पर्यटक पहुंचे।
दतिया का रतनगढ़ माता मंदिर करीब 1 करोड़ पर्यटकों के साथ प्रमुख धार्मिक गंतव्य रहा। इसके अलावा नलखेड़ा का मां बगलामुखी मंदिर, अमरकंटक, पांढुर्णा का जामसांवली हनुमान मंदिर और दतिया का पीताम्बरा पीठ भी प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल रहे।
आध्यात्मिक पर्यटन में मध्यप्रदेश की मजबूत पकड़
मध्यप्रदेश में आध्यात्मिक और तीर्थ पर्यटन का बड़ा विस्तार देखने को मिला। वर्ष 2025 में 16.92 करोड़ श्रद्धालुओं ने प्रदेश के धार्मिक स्थलों का रुख किया।
उज्जैन में महाकाल महालोक के आकर्षण के चलते पर्यटकों की संख्या में 14.7 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में होम स्टे को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि पर्यटकों के लिए आवास की सुविधा बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए पर्यटन आधारित रोजगार के अवसर पैदा हों।
ओंकारेश्वर में करीब 2,400 करोड़ रुपये की लागत से एकात्म धाम का निर्माण जारी है। वहीं इसके दूसरे चरण में 2,424 करोड़ रुपये की लागत से 'अद्वैत लोक' की स्वीकृति दी गई है। महेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से 'देवी अहिल्या बाई लोक' विकसित करने की योजना पर भी काम शुरू किया गया है।
इंदौर और भोपाल में बढ़ा अवकाश पर्यटन
मध्यप्रदेश में शहरी और अवकाश पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। इस श्रेणी में 3.37 करोड़ पर्यटकों ने प्रदेश के प्रमुख शहरों और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया।
इंदौर में पर्यटकों की संख्या में 173.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और शहर ने करीब 2 करोड़ 80 लाख पर्यटकों का स्वागत किया। भोपाल में 24.62 लाख, जबलपुर में 23.94 लाख, महेश्वर में 14.68 लाख, भेड़ाघाट में 5.97 लाख और पचमढ़ी में 3.11 लाख पर्यटकों का आगमन हुआ।
भोपाल में MICE पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर को करीब 99.38 करोड़ रुपये की लागत से अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
विरासत पर्यटन में भी बढ़ी दिलचस्पी
मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों ने वर्ष 2025 में करीब 59 लाख पर्यटकों को आकर्षित किया।
भोजपुर में 18.64 लाख, ग्वालियर में 10.12 लाख, मांडू में 8.27 लाख, खजुराहो में 5.47 लाख, सांची में 3.81 लाख, ओरछा में 1.93 लाख और भीमबेटका में 1.71 लाख पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया।
ओरछा में करीब 99.92 करोड़ रुपये की 'ओरछा मेडिवल स्पलेंडर' परियोजना और ग्वालियर, चित्रकूट, दतिया व अमरकंटक में करीब 300 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं।
अशोकनगर के चंदेरी के पास स्थित प्राणपुर गांव को देश का पहला क्राफ्ट हैंडलूम टूरिज्म विलेज बनाया गया है। यहां पर्यटक पारंपरिक चंदेरी साड़ियों और हस्तशिल्प को बनते हुए देख सकते हैं और सीधे खरीद भी सकते हैं।
टाइगर स्टेट में वन्यजीव पर्यटन का बढ़ता आकर्षण
मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय उद्यानों और टाइगर रिजर्व ने भी बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित किया। वर्ष 2025 में करीब 17 लाख प्रकृति एवं वन्यजीव प्रेमी प्रदेश पहुंचे।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का मढ़ई, पन्ना, कान्हा, पेंच और बांधवगढ़ प्रमुख आकर्षण रहे। प्रदेश में 12 राष्ट्रीय उद्यान, 9 टाइगर रिजर्व और 24 वन्यजीव अभयारण्य हैं।
वन्यजीव पर्यटन विदेशी सैलानियों के बीच भी खासा लोकप्रिय रहा। वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पहुंचे 1 लाख 83 हजार 35 विदेशी पर्यटकों में से 93,412 यानी 51 प्रतिशत से अधिक ने वन्यजीव पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस क्षेत्र में विदेशी पर्यटकों की संख्या में 17.44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बांधवगढ़ में 31,390 और कान्हा में 23,992 विदेशी पर्यटक पहुंचे। वहीं प्रोजेक्ट चीता के कारण कूनो नेशनल पार्क में पहली बार 6,316 विदेशी पर्यटकों का आगमन दर्ज किया।
एस्ट्रो टूरिज्म और होम स्टे को भी बढ़ावा
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा एस्ट्रो टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए छह जिलों के छह गांवों को एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें धार का ज्ञानपुरा, छिंदवाड़ा का धुसावानी, बैतूल का बांचा, नर्मदापुरम का ढाबा, दमोह का रिछकुड़ी और उमरिया का रंछा गांव शामिल हैं।
वहीं समुदाय आधारित पर्यटन के तहत होम स्टे की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2026-27 में 277 नए होम स्टे पंजीकृत हुए और प्रदेश में वर्तमान में करीब 666 होम स्टे संचालित होने की जानकारी दी गई है।
एडवेंचर टूरिज्म और फेस्टिवल्स से बढ़ी पहचान
मध्यप्रदेश में स्काई डाइविंग, स्कूबा डाइविंग, कयाकिंग और बर्ड-वॉचिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। गांधीसागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, हनुवंतिया जल महोत्सव, कूनो फॉरेस्ट फेस्टिवल और चंदेरी फेस्टिवल जैसे आयोजन पर्यटन कैलेंडर में अपनी पहचान बना चुके हैं।
हनुवंतिया, कूनो, चंदेरी और गांधीसागर में आगामी 10 वर्षों तक उच्च स्तरीय टेंट सिटी के नियमित संचालन की रूपरेखा भी तैयार की गई है।
पर्यटन से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
मध्यप्रदेश में पर्यटन को केवल घूमने-फिरने तक सीमित न रखकर स्थानीय रोजगार और आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। धार्मिक पर्यटन के साथ हेरिटेज, वन्यजीव, ग्रामीण, एडवेंचर और एस्ट्रो टूरिज्म जैसे नए क्षेत्रों का विस्तार किया जा रहा है।
वर्ष 2025 में 21 करोड़ 5 लाख से अधिक पर्यटकों का आगमन प्रदेश में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है। पर्यटन विभाग के अनुसार, सुरक्षित, सुगम, जिम्मेदार और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के साथ मध्यप्रदेश की पर्यटन पहचान का विस्तार हो रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
