संस्कारी बच्चे पैदा नहीं कर सकतीं तो बांझ ही रहें महिलाएं: भाजपा विधायक
भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने महिलाओं को कहा है कि वो सिर्फ सुसंस्कृत बच्चे ही पैदा करें, अगर संस्कारी बच्चे पैदा नहीं पैदा करती हैं तो अच्छा है कि बांझ ही रहें। विधायक ने एक कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गलत संस्कार वाले बच्चे बड़े होकर देश के खिलाफ काम करते हैं, इसलिए ऐसे बच्चों से बच्चों का ना होना अच्छा है। पन्नालाल शाक्य ने बुधवार को मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के दौरान बोलते हुए महिलाओं को ये बातें कहीं।

कांग्रेस शासनकाल में गलत नीतियां बनाने वाले नेता पैदा हुए
भाजपा विधायक ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गलत नीतियां बनाने वाले नेता पैदा हुए जिन्होंने गरीबी हटाओ का नारा दिया, गरीबी हटाओ के नारे पर कहा कि गरीबी तो नहीं हटी लेकिन गरीब हटते चले गए। इन नेताओं को किसी महिला ने ही जन्म दिया था, ऐसे में महिलाएं सुसंस्कृत बच्चे ही पैदा करें।

कुसंस्कारी बच्चों से बांझ रहना अच्छा
विधायक ने कहा कि माता-बहन ऐसे बच्चो को जन्म न दें, जो समाज में विकृति और दुर्गुणों को बढ़ाएं। इससे तो अच्छा बांझ ही रहें। शाक्य के बयान से भाजपा ने दूरी बना ली है, पार्टी के नेताओं इसे उनका व्यक्तिगत बयान बताया है।

पहले भी दे चुके हैं महिलाओं को ज्ञान
महिलाओं को शाक्य की कोई सलाह पहली बार नहीं आई है, इससे पहले वो लड़कियों को ब्वॉयफ्रेंड ना बनाने को कह चुके हैं, कुछ समय पहले उन्होंने कहा था कि लड़कियां लड़कों से दोस्ती करना बंद कर दें तो उन पर अत्याचार बंद हो जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के इटली में शादी करने को लेकर भी पन्नालाल ने गलत बताया था, उन्होंने इसको लेकर विराट कोहली की देशभक्ति पर सवाल उठाए थे और कहा था कि उनको देश में ही शादी करनी चाहिए थी ना कि इटली में।












Click it and Unblock the Notifications