MP में 165 किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर, लॉटरी से हुआ विजेताओं का चयन

मध्य प्रदेश ने किसान कल्याण स्वाभिमान प्रश्नोत्तरी के लिए 55 जिलों से लॉटरी के माध्यम से 165 विजेताओं का चयन किया है, जो किसानों के योगदान को पहचानता है और सरकारी योजनाओं को बढ़ावा देता है। पुरस्कारों में 55 ट्रैक्टर, 55 मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर शामिल हैं, जिनका वितरण राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान किया जाएगा।

भोपाल, 27 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने और उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया है। प्रदेश के सभी 55 जिलों से तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया है। इन सभी विजेताओं को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

165 Winners in MP Farmer Welfare Quiz Lottery

भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के विजेताओं को सम्मानित करेंगे। भोपाल में संदीप वर्मा ने प्रथम, सुहानी राजपूत ने द्वितीय और समीर गौड़ ने तृतीय स्थान हासिल किया है। इन्हें क्रमशः ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर प्रदान किए जाएंगे। अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि पुरस्कारों के लिहाज से यह प्रतियोगिता देश में अपनी तरह की पहली और सबसे बड़ी पहल है। इसके तहत 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। इसमें किसानों के कल्याण, कृषि विकास और सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित 24 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे। प्रतिभागियों को प्रश्न हल करने के लिए 24 मिनट का समय दिया गया था।

प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया। इनमें से 15,298 प्रतिभागियों ने सभी 24 प्रश्नों के सही उत्तर देकर अंतिम मेरिट सूची में जगह बनाई। इस सूची में 13,091 पुरुष, 2,201 महिलाएं और छह अन्य प्रतिभागी शामिल हैं।

आयु वर्ग के अनुसार, सूची में 18 वर्ष तक के 108 प्रतिभागी, 19 से 40 वर्ष के 9,408 प्रतिभागी और 40 वर्ष से अधिक आयु के 5,782 प्रतिभागी शामिल हैं। अंतिम मेरिट सूची तैयार होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकालकर 55 जिलों के 165 विजेताओं का चयन किया गया।

सभी 55 जिलों के तीन-तीन विजेताओं का चयन

प्रतियोगिता में प्रदेश के प्रत्येक जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया है। भोपाल जिले में संदीप वर्मा, सुहानी राजपूत और समीर गौड़ क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रमुख विजेताओं में श्योपुर से विपिन रावत, मुरैना से रामजी लाल धाकड़, भिंड से जगमोहन बघेल, ग्वालियर से कृष्णा रावत, शिवपुरी से उमेश कुमार लोधी, गुना से अंगूरी अग्रवाल और अशोकनगर से उपेन्द्र यादव शामिल हैं।

इसी तरह इंदौर से जितेन्द्र मौर्य, उज्जैन से रोहित अंजना, देवास से मनोहर पंवार, रतलाम से जितेंद्र गुर्जर, सीहोर से हर्ष यादव, रायसेन से सतमेश बघेल, सागर से जयहिंद राजपूत, जबलपुर से अनिल पटेल और छिंदवाड़ा से चंद्रा चंद्रवंशी ने अपने-अपने जिलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य जिलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विजेताओं का चयन किया गया है। सभी विजेताओं के नाम आधिकारिक वेबसाइट https://quiz.veerbharatnyas.com/vijeta पर अपलोड कर दिए गए हैं।

किसान सम्मान और जागरूकता पर जोर

वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने कहा कि ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ का उद्देश्य किसानों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और कृषि विकास के साथ किसान सम्मान को जनभागीदारी से जोड़ना है।

ऑनलाइन क्विज के माध्यम से किसानों को कृषि और किसान कल्याण से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी परखने का अवसर मिला। पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की जिलेवार मेरिट सूची तैयार की गई और इसके बाद लॉटरी के जरिए विजेताओं का चयन किया गया। इस पहल के माध्यम से किसानों के योगदान को सम्मानित करने, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कृषि क्षेत्र के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

कई विभागों के सहयोग से आयोजित हुई प्रतियोगिता

‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय और जनसंपर्क विभाग ने किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग और संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी के सहयोग से किया। प्रतियोगिता के सभी चयनित 165 विजेताओं को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+