मध्य प्रदेश के सियासी बवाल पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में मंगलवार को उस समय में सियासी भूचाल आ गया, जब यह खबर सामने आई कि तकरीबन 8 विधायकों को हरियाणा के मानेसर स्थित होटल में बंधक बनाकर रखा गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने विधायकों को उनकी मर्जी के बिना होटल में बंधक बनाकर रखा है। जिसके बाद कांग्रेस का खेमा इन विधायकों की घर वापसी कराने में जुट गया। इसकी कमान खुद कमलनाथ सरकार में मंत्री जीतू पटवारी ने संभाली। वह खुद होटल पहुंचे और इन विधायकों को वापस लाने की कोशिश में जुट गए।

जीतू पटवारी विधायक रमाबाई को होटल से वापस लेकर आए और साथ ही उन्होंने कहा कि अब हालात नियंत्रण में हैं, हम आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि आज कांग्रेस अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे सियासी उठापटक को लोगों के सामने रखेगी। जीतू पटवारी ने कहा कि शिवराज सिंह सत्ता के भूखे हैं, वह पीठ पीछे षड़यंत्र करते हैं, लेकिन उनकी चाल सफल नहीं होगी। हम लगातार विधायकों के संपर्क में हैं। दरअसल दिग्विजय सिंह ने मंगलवार की सुबह एक ट्वीट किया था जिसमे उन्होंने कहा था कि भाजपा के पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह रमाबाई को चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली लेकर गए हैं। भाजपा कांग्रेस, एसपी और बसपा के विधायकों को दिल्ली ले जाने की कोशिश कर रही है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा विधायकों की खरीद फरोख्त करने की कोशिश कर रही है। हालांकि कमलनाथ ने इस बात का भरोसा जताया है कि उनकी सरकार को किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है। लिहाजा किसी भी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है। कमलनाथ ने कहा कि विधायकों ने मुझे इस बात की जानकारी दी है कि उन्हें काफी पैसा दिए जाने का प्रस्ताव दिया गया है। मैंने उनसे कहा कि अगर मुफ्त में यह पैसा मिल रहा है तो ले लो। वहीं भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से हमारा कोई लेना देना नहीं है। यह कांग्रेस की आंतरिक कलह है जोकि आगामी राज्यसभा चुनाव की वजह से हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications