लता मंगेशकर का हाल जानने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे मधुर भंडारकर, तस्वीर शेयर कर कही ये बात
नई दिल्ली। देश के सर्वोच्च सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित लीजेंड्री सिंगर लता मंगेशकर पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत को देखते हुए फिलहाल आईसीयू में रखा गया है। इस बीच उनके स्वास्थ्य से जुड़ी अपडेट परिजनों की ओर से लगातार दी जा रही है। वहीं उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए सेलिब्रिटिज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। फिल्ममेकर मधुर भंडारकर भी ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। मंगलवार को मधुर भंडारकर दिग्गज सिंगर को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे, फिर वहां से लौटकर उन्होंने सोशल साइट इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिख के दिग्गज सिंगर के सेहत की जानकारी दी।

मधुर भंडारकर ने बताया अब कैसी है लता दीदी की तबीयत
जाने-माने फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर लता मंगेशकर की एक तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लता मंगेशकर की तबीयत की भी जानकारी दी है। उन्होंने इंस्टा पोस्ट में लिखा, 'अस्पताल में लता मंगेशकर दीदी से मुलाकात की। मुझे ये बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि अब वो स्थिर हैं। ट्रीटमेंट में वो पॉजिटिव रिस्पॉन्स दे रही हैं। उनके स्वास्थ्य में तेजी से हो रहे सुधार के लिए दुआ और प्रार्थना करने वालों का शुक्रिया।'
लता मंगेशकर के लिए मधुर भंडारकर ने लिखी ये पोस्ट
मधुर भंडारकर से पहले लता मंगेशकर की बहन उषा मंगेशकर ने भी उनकी तबीयत की जानकारी दी थी। उषा मंगेशकर ने कहा था कि उनकी सेहत में पहले के मुकाबले सुधार हो रहा है। वो अभी भी अस्पताल में आईसीयू में हैं और जब डॉक्टर उन्हें घर ले जाने की अनुमति देंगे, तभी हम उनको घर लेकर जाएंगे। इससे पहले दिग्गज सिंगर की भतीजी रचना शाह ने भी मीडिया से बातचीत में बताया था कि वो तेजी से ठीक हो रही हैं, उनके स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा नहीं करें।
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने भी किया ये दिल छू लेने वाला ट्वीट
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने भी लता मंगेशकर की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए बेहद इमोशनल ट्वीट किया। जो तस्वीर उन्होंने शेयर कि वो ब्लैक एंड व्हाइट है, इसमें लता मंगेशकर मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को ट्वीट करने के साथ धर्मेंद्र ने लिखा- 'जान हो जमाने की... यूं ही मुस्कुराती रहो... लव यू लता जी'। धर्मेंद्र का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया। इसको लेकर फैंस जमकर प्रतिक्रियाएं देते नजर आए।

11 नवंबर से अस्पाल में भर्ती हैं लता मंगेशकर
अपनी खूबसूरत आवाज से भारतीय सिनेमा और संगीत को नया आयाम देने वाली दिग्गज गायिका लता मंगेशकर 11 नवंबर से अस्पाल में भर्ती हैं। 90 वर्षीय गायिका को सांस लेने में तकलीफ के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अभी भी उनका इलाज चल रहा है। लीजेंड्री सिंगर को 1989 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार और 2001 में भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' दिया जा चुका है।
इसे भी पढ़ें:- लता मंगेशकर की सेहत को लेकर बहन उषा ने दिया बड़ा अपडेट, धर्मेंद्र ने किया इमोशनल ट्वीट












Click it and Unblock the Notifications