लुधियाना ब्लास्ट: मारा गया शख्स था पूर्व पुलिसकर्मी, ड्रग्स केस में गया था जेल
नई दिल्ली, 24 दिसंबर: लुधियाना जिला अदालत में गुरुवार दोपहर एक विस्फोट हुआ, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई। जिसकी पहचान अब पंजाब पुलिस ने कर ली है। पुलिस के मुताबिक मारा गया शख्स पूर्व पुलिसकर्मी है, जिसका नाम गगनदीप सिंह था। ड्रग्स केस में लिंक की वजह से उसे सर्विस से बर्खास्त कर दिया गया था। दो साल उसने जेल में बिताए और इसी साल सितंबर में उसे रिहा किया गया था। पुलिस उसके बारे में और ज्यादा जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है।

दरअसल गुरुवार को जिला अदालत की दूसरी मंजिल पर बम विस्फोट हुआ था। जिसमें एक शख्स की मौत हुई, जबकि 6 अन्य घायल थे। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को संदेह था कि विस्फोट में मारे गए व्यक्ति का घटना से कोई लेना-देना है, या तो वो विस्फोटक उपकरण ले जा रहा था या फिर वो उसे इकट्ठा करने की कोशिश कर रहा था।
वहीं दूसरी ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने शुक्रवार को देश में सुरक्षा स्थिति पर एक उच्च स्तरीय बैठक की। जिसमें खुफिया ब्यूरो के निदेशक अरविंद कुमार, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के प्रमुख कुलदीप सिंह और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक पंकज सिंह मौजूद थे।
किरण रिजिजू ने किया दौरा
वहीं केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने शुक्रवार को लुधियाना जिला अदालत का दौरा किया। साथ ही अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। केंद्र सरकार के सूत्रों के मुताबिक उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य लुधियाना के साथ-साथ पंजाब के लोगों को आश्वस्त करना था कि राज्य सरकार के साथ मिलकर केंद्र घटना की जांच करवा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications