भारतीय सेना को मिला नया सेनाध्यक्ष, आर्मी चीफ बनने वाले पहले इंजीनियर होंगे लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे
नई दिल्ली, 18 अप्रैल: भारतीय सेना के नए आर्मी चीफ के पद पर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को नियुक्त किया गया है। ऐसे में मनोज पांडे अब मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की जगह लेंगे। इसी के साथ सेना प्रमुख के रूप में नियुक्त होने वाले पहले इंजीनियर भी मनोज पांडे बन गए हैं। दरअसल, वर्तमान आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे अप्रैल 2022 के लास्ट तक रिटायर होने वाले हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी अब लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे संभालेंगे।

Recommended Video
इसी के साथ लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे पहले इंजीनियर होंगे, जो भारतीय सेना की कमान संभालेंगे। मौजूदा वक्त में जनरल मनोज पांडे उप सेना प्रमुख हैं। जनवरी 2022 में उनको वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ नियुक्त किया गया था। इससे पहले मनोज पांडे ईस्टर्न कमांड के कमांडिंग ऑफिसर रह चुके हैं और अंडमान-निकोबार कमांड के कमांडर इन चीफ की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक नागपुर से ताल्लुक रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे नेशनल डिफेंस अकेडमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। उन्हें दिसंबर 1982 में कोर ऑफ इंजीनियर्स में शामिल किया गया था।
इधर, जनरल मनोज मुकुंद नरवणे को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के पद के लिए सबसे आगे देखा जा रहा है। बता दें कि पिछले साल 8 दिसंबर को तमिलनाडु में खराब मौसम के चलते वायु सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया था। इस हेलीकॉप्टर में सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत कुल 14 लोगों की जान चली गई थी। हादसा कुन्नूर के जंगल में हुआ था। ऐसे में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद से ही यह पद खाली है। सरकार लगातार अगले सीडीएस के नाम पर मंथन करने में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications