लोकपाल के लिए केंद्र सरकार ने बनाई आठ सदस्यीय सर्च कमेटी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आठ सदस्यों की लोकपाल सर्च कमेटी का गठन किया है। कमेटी की अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई होंगीं। भ्रष्टाचार रोधी संस्था लोकपाल के अध्यक्ष और इसके सदस्यों के नामों की सिफारिश करने के लिए ये कमेटी बनाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक के बाद कमेटी का गठन किया गया है।

कमेटी की अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई करेंगी। कमेटी के दूसरे मेंबरान में एसबीआई की पूर्व अध्यक्ष अरुंधति भट्टाचार्य, प्रसार भारती के अध्यक्ष ए. सूर्य प्रकाश, इसरो प्रमुख ए. एस. किरन कुमार, इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व जज सखाराम सिंह यादव, गुजरात पुलिस के पूर्व प्रमुख शब्बीर हुसैन एस खंडवावाला, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी ललित के. पवार और रंजीत कुमार शामिल हैं।
आठ सदस्यीय खोज समिति को लोकपाल और इसके सदस्यों की नियुक्ति के लिए नामों की एक सूची की सिफारिश करने का अधिकार दिया गया है। लोकपाल और लोकायुक्त अधिनियम 2013 पारित किए जाने के चार साल बाद सर्च कमेटी का गठन करने का किया गया है।
2013 में पारित लोकपाल कानून के तहत प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली लोकपाल चयन समिति को लोकपाल सर्च कमेटी के गठन का अधिकार है। इस चयन समिति में प्रधानमंत्री के अलावा लोकसभा अध्यक्ष, लोकसभा में नेता विपक्ष, भारत के मुख्य न्यायाधीश या उनके द्वारा मनोनित कोई अन्य न्यायाधीश और राष्ट्रपति द्वारा मनोनित प्रसिद्ध न्यायविद इसके सदस्य होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications