दिलचस्प होने वाला है लोकसभा स्पीकर का चुनाव, विपक्ष की एंट्री से आ सकता है नया मोड़
Lok Sabha Speaker: लोकसभा चुनाव में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी बहुमत से दूर रह गई है, उसके बाद भाजपा को ना सिर्फ एनडीए के सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना पड़ रहा है बल्कि लोकसभा स्पीकर पद के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
मोदी कैबिनेट का बंटवारा पहले से ही चर्चा में बना हुआ है, इस बीच स्पीकर पद को लेकर भी रस्साकस्सी शुरू हो गई है। एनडीए के घटक दलों में जहां स्पीकर पद को लेकर चर्चा चल रही है तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन ने भी स्पीकर के लिए अपने उम्मीदवार को मैदान में उतारने का फैसला लिया है।

सूत्रों का कहना है कि लोकसभा स्पीकर पद लिए विपक्ष अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी में है। विपक्ष इंतजार कर रहा है कि सत्ता पक्ष की ओर से स्पीकर पद के दावेदार घोषित हो उसके बाद वो भी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकता है।
दरअसल सत्ता पक्ष में स्पीकर पद को लेकर आम सहमति फिलहाल बनती नहीं दिख रही है, यही वजह है कि विपक्ष इसका फायदा उठाना चाहता है। अगर आम सहमति के बिना स्पीकर के उम्मीदवार का ऐलान किया जाता है तो विपक्ष भी अपने उम्मीदवार को उतारेगा और इसको लेकर सहमति बनाने की कोशिश करेगा।
यही नहीं सूत्रों का कहना है कि विपक्ष उपसभापति की मांग कर सकता है। विपक्ष की ओर से चेतावनी दी गई है कि अगर डिप्टी स्पीकर का पद नहीं मिलता है तो वह स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार उतारेगा और उसके बाद वोटिंग से ही इसका फैसला होगा।
गौर करने वाली बात है कि 24 जून को 18वीं लोकसभा का पहला सत्र बुलाया जाएगा। इस दौरान नए स्पीकर का चुनाव होगा। 26 जून को स्पीकर का चुनाव होगा। बता दें कि एनडीए के पास 293 सीटें हैं तो विपक्ष यानि इंडिया गठबंधन के खाते में 234 सीटें हैं।












Click it and Unblock the Notifications