कब होगा लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान, ECI की क्या है तैयारी? पूरी डिटेल्स यहां
17वीं लोकसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐस में इस साल आम चुनाव होने हैं, जिसके लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके साथ ही राजनीतिक दलों ने भी कमर कस ली है। बीजेपी, कांग्रेस समेत सभी दलों के बीच संगठनात्मक स्तर की बैठकों के अलावा गठबंधन में शामिल दल चुनाव की रणनीति बनाने में जुटे हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने अब तक तारीखों की घोषणा नहीं की है।
प्रमुख राजनीतिक दलों ने विभिन्न लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है। पिछले हफ्ते, भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए 195 उम्मीदवारों की सूची जारी की और कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार उत्तर प्रदेश के वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे।

चुनाव की तारीखों का ऐलान कब तक
लोकसभा 2024 चुनाव की तारीखों की घोषणा 14 या 15 मार्च को होने की संभावना है। रिपोर्ट्स में सूत्रों के मुताबिक कहा गया कि 2019 की तरह 7 चरणों में हो सकते हैं। पहले चरण के लिए मतदान अप्रैल के दूसरे सप्ताह में हो सकता है। 14 मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना है।
सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट्स से पता चलता है कि चुनाव आयोग की टीमें आने वाले हफ्तों में पश्चिम बंगाल, बिहार, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों का दौरा करेंगी। इलेक्शन कमिशन की टीम 13 मार्च को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेगा। चुनाव निकाय ने कहा कि लगभग 97 करोड़ भारतीय इस साल के लोकसभा चुनावों में मतदान करने के पात्र होंगे। मतदाताओं की यह संख्या 2019 से 6% अधिक है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में आने वाले महीनों में एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव होंगे।
बीजेपी-बीजेडी गठबंधन की उम्मीद
चर्चा है कि ओडिशा में बीजू जनता दल और भाजपा के बीच फिर से गठबंधन हो सकता है। फिलहाल इसकी अब तक औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। वहीं बीजेडी ने 11 साल की राजनीतिक साझेदारी के बाद 2009 में सीट-बंटवारे की वार्ता विफल होने के कारण बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को छोड़ दिया।
बीजेपी की तैयारी
पीएम 4 मार्च नौ दिनों के लिए 'भारत दर्शन' पर हैं, 12 मार्च तक कम से कम 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे, उन्होंने पहली बार श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित किया और केंद्री के सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। देशभर में बीजेपी नेता एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
कांग्रेस के 40 कैंडिडेट्स के नाम फाइनल
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) गुरुवार को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 40 उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में केरल के वायनाड से राहुल गांधी भी शामिल हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई सीईसी की बैठक में विचार-विमर्श के दौरान 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 60 लोकसभा सीटों पर चर्चा की गई। बैठक दिल्ली, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, सिक्किम, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, मेघालय और लक्षद्वीप की लोकसभा सीटों पर चर्चा हुई।
बीआरएस-बीएसपी एक साथ
तेलंगाना में, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने तेलंगाना में एक साथ चुनाव लड़ने के लिए मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन की घोषणा की है। बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव, जिनकी सरकार पिछले साल नवंबर में कांग्रेस से हार गई थी, ने यहां बसपा की राज्य इकाई के प्रमुख आरएस प्रवीण कुमार से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने घोषणा की है कि सीटों का समायोजन बसपा सुप्रीमो मायावती से सलाह के बाद किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications