Lok Sabha Election: केरल में कौन-कौन सीटें जीतेगी बीजेपी? 'मेट्रोमैन' ई श्रीधरन ने की ये भविष्यवाणी
Kerala Lok Sabha Elections 2024: 'मेट्रोमैन' के नाम से मशहूर ई श्रीधरन ने कहा है कि इस बार केरल में बीजेपी की जीत पक्की है। केरल में अबतक बीजेपी कभी भी चुनाव नहीं जीत पाई है। लेकिन, श्रीधरन ने कहा है कि इस बार भाजपा राज्य में 4 से 5 सीटें जीतेगी।
ई श्रीधरन दिल्ली मेट्रो के पूर्व चीफ रह चुके हैं और राजधानी में मेट्रो की कामयाबी में उनका बहुत बड़ा योगदान है। बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कह चुके हैं की बीजेपी को राज्य में इस बार डबल डिजिट में सीटें मिलेंगी। केरल में लोकसभा की 20 सीटें हैं, जिनमें से एक भी सीट पर जीत भाजपा के लिए अबतक सपना ही रहा है।

त्रिशूर में बीजेपी की जीत पक्की- ई श्रीधरन
ई श्रीधरन ने ये भी विश्वास जताया है कि केंद्र में फिर से पीएम मोदी की ही अगुवाई में सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, 'चुनावों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर नरेंद्र मोदी सरकार निश्चित रूप से सत्ता में वापस लौटेगी। केरल में भी पार्टी कम से कम 4 से 5 सीटें जीतेगी। त्रिशूर में तो जीत 100 फीसदी निश्चित है।'
केरल में इन 4-5 सीटों 'मेट्रोमैन' ने की जीत की भविष्यवाणी
उन्होंने इस बार के लोकसभा चुनाव में केरल में भाजपा की बहुत ही अच्छी स्थिति का दावा किया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के जिन प्रत्याशियों की जीत की संभावनाओं की ओर इशारा किया है, उनमें से त्रिशूर से सुरेश गोपी, तिरुवनंतपुरम से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अट्टिंगल में वी मुरलीधरन और अलाप्पुझा से शोभा सुरेंद्रन शामिल हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार दक्षिण के इस राज्य को साधने के लिए पिछले काफी समय से काम किया है। खासकर ईसाई वोट बैंक और गैर-एलडीए और गैर-यूडीएफ वोट पर उसकी नजरें हैं।
खुद सक्रिय राजनीति में लौटने से इनकार
हालांकि, 94 वर्षीय मेट्रोमैन ने खुद सक्रिय राजनीति में लौटने से साफ इनकार कर दिया है। केरल विधानसभा चुनाव के दौरान पिछली बार बीजेपी ने उन्हें राज्य में अपना चेहरा बनाया था लेकिन वे पलक्कड़ सीट पर हार गए थे।
एक इंटरव्यू में जब उनसे हाल ही पूछा गया कि क्या वे पलक्कड़ विधानसभा से उपचुनाव लड़ेंगे। इसकी संभावना इसलिए पैदा हुई है कि यहां के मौजूदा विधायक शफी परम्बिल वाटकरा लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। अगर वे जीतते हैं तो उनकी मौजूदा सीट खाली पड़ सकती है।
इस सवाल के जवाब में श्रीधरन ने कहा, 'मैं अब 94 का हूं। चुनाव में अगर मुझे जीत मिल भी जाती है तो इस उम्र में लोगों के लिए मैं क्या अच्छा कर सकता हूं? इसलिए, यह अच्छा है कि चुनावी राजनीति से दूर रहा जाए।'












Click it and Unblock the Notifications